RRR Box Office Collection Day 2: एस.एस.राजामौली की फिल्म आरआरआर ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर सभी रिकॉर्ड तोड़ते हुए 200 करोड़ रुपए से अधिक का कलेक्शन कर लिया था। फिल्म ने दूसरे दिन भी कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। फिल्म को भारत के अलावा विदेश खासकर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
ट्रेड एनालिस्ट सुमित कादेल के मुताबिक आरआरआर ने हिंदी भाषा (RRR Box Office Collection Day 2) में 24 से 25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है। इससे पहले आरआरआर के हिंदी वर्जन ने पहले दिन 20.07 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था। ऐसे में फिल्म ने दो दिन में लगभग 45 करोड़ की कमाई कर ली है। फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर द कश्मीर फाइल्स से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिसकी शुक्रवार को कमाई एक बार फिर बढ़ी है। फिल्म ने 8.5 करोड़ रुपए से लेकर 9.5 करोड़ रुपए का बिजनेस किया है। ऐसे में शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर 33 से 35 करोड़ का कलेक्शन किया।
भारत में पहले दिन कमाए 156 करोड़
आरआरआर ने भारत में पहले दिन ही 156 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया था। फिल्म ने आंध्र प्रदेश में 75 करोड़ रुपए, निजाम में 27.5 करोड़ रुपए, कर्नाटक में 14.5 करोड़ रुपए, तमिलनाडु में 10 करोड़ रुपए, केरला में चार करोड़ रुपए और उत्तर भारत में 25 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। वहीं, फिल्म ने अमेरिका और कनाडा में 42 करोड़ रुपए, ऑस्ट्रेलिया में 4.03 करोड़ रुपए और न्यूजीलैंड में 37.07 लाख रुपए का बिजनेस किया है। ऐसे में आरआरआर ने वर्ल्डवाइड 223 करोड़ रुपए की कमाई की है।
इन फिल्मों से मिल रही है टक्कर
मालूम हो कि RRR एक काल्पनिक कहानी है जो तेलुगु स्वतंत्रता सेनानियों, अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के जीवन पर आधारित है। फिल्म में राम चरण अल्लूरी सीताराम राजू और जूनियर एनटीआर कोमाराम भीम की भूमिका निभाते हुए नजर आ रहे हैं।
फिल्म का बजट 400 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। फिल्म को द कश्मीर फाइल्स के अलावा अक्षय कुमार की बच्चन पांडे और साउथ के दिवंगत एक्टर पुनीत राजकुमार की आखिरी फिल्म जेम्स से भी टक्कर मिल रही है।

