बॉलीवुड सितारों को लगा Milkha Singh के निधन से सदमा, रवीना टंडन से अक्षय कुमार सहित सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 19, 2021, 07:15 AM IST

Bollywood celebs mourn the demise of milkha singh: मिल्खा सिंह के निधन से सबको बड़ा झटका लगा है। बॉलीवुड सितारों ने शोक व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया है...

बॉलीवुड सितारों को लगा Milkha Singh के निधन से सदमा, रवीना टंडन से अक्षय कुमार सहित सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

भारत के फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर महान फर्राटा धावक मिल्खा सिंह का निधन हो गया है। एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद शुक्रवार देर रात 11:30 बजे चंडीगढ़ में मिल्खा सिंह का निधन हो गया। इससे पहले रविवार को उनकी 85 साल की पत्नी निर्मल कौर, जो पूर्व राष्ट्रीय वॉलीबॉल कप्तान थीं, का भी हाल ही में घातक वायरस के कारण निधन हो गया। मिल्खा सिंह 91 साल के थे और अपने पीछे परिवार में गोल्फर बेटा जीव मिल्खा सिंह और तीन बेटियां छोड़ गए हैं।

मिल्खा सिंह के निधन से सबको बड़ा झटका लगा है। 'फ्लाइंग सिख' के नुकसान पर शोक व्यक्त करने के लिए सेलेब्स सोशल मीडिया का सहारा ले रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनको श्रद्धांजलि दी है। साथ ही अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, प्रियंका चोपड़ा, अक्षय कुमार, रवीना टंडन, मधुर भंडारकर, नेहा धूपिया, तापसी पन्नू, जावेद जाफरी अंगद बेदी, मुकेश छाबड़ा, रोहित सराफ, फराह खान अली और अन्य जैसे बॉलीवुड सेलेब्स ने अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के जरिए दुख व्यक्त किया।

अपनी मुलाकात से एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए रवीना टंडन ने लिखा, 'आपसे मिलने का सम्मान था सर, आपके लिए हमेशा हम सभी के दिलों में एक विशेष स्थान रहेगा! जब भी हमें प्रेरित होने की आवश्यकता होगी, भाग मिल्खे भाग हमारे कानों में गूंज जाएगा! शांति।'

अंगद बेदी ने लिखा, 'ओह वाहेगुरु #फ्लाइंगसिख।' मधुर भंडारकर ने ट्वीट किया, '#मिल्खा सिंह जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। एक महान प्रेरणा हमेशा हमारे दिलों में रहेगी। ओम शांति।'

चार बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा ने 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में भी पीला तमगा हासिल किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हालांकि 1960 के रोम ओलंपिक में था जिसमें वह 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 1956 और 1964 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया । उन्हें 1959 में पद्मश्री से नवाजा गया था ।
 

End of Article