इस शख्स ने बनाया रणवीर सिंह को कपिल देव, मूछों से लेकर बालों तक इन चीजों को दिया परफेक्ट लुक 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 24, 2021, 07:14 AM IST

Film 83 Ranveer Singh Look: फिल्म 83 में रणवीर सिंह के अभिनय और उनके लुक को लेकर काफी चर्चा हो रही है। रणवीर सिंह को कपिल देव का लुक देने के पीछे हेयर स्टाइलिस्ट दर्शन येवालेकर का हाथ है। 

इस शख्स ने बनाया रणवीर सिंह को कपिल देव, मूछों से लेकर बालों तक इन चीजों को दिया परफेक्ट लुक 
Photo Credit: Instagram

Ranveer Singh's Look For Film 83: कबीर खान द्वारा निर्देशित फिल्म 83, 24 दिसंबर यानी आज बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली है। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण स्टारर यह फिल्म पिछले कई दिनों से सुर्खियां बटोर रही है। रणवीर सिंह के अभिनय और उनके लुक को लेकर काफी चर्चा की जा रही है। लोगों ने अभी से रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की इस फिल्म पर मास्टरपीस का ठप्पा लगा दिया है। फिल्म 83 करने के लिए रणवीर सिंह को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। एक इंटरव्यू के दौरान रणवीर सिंह ने बताया था कि 83 के लिए कपिल देव बनने में उन्हें काफी समय लगे थे। उन्हें कई फिजिकल ट्रांसफॉरमेशन से होकर गुजरना पड़ा था। फिल्म 83 में कपिल देव का लुक पाने के लिए भी रणवीर सिंह को काफी मेहनत करनी पड़ी थी। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि रणवीर सिंह को कपिल देव का लुक दर्शन येवालेकर ने दिया था। 

स्ट्रैंड से लेकर बालों तक हर चीज को दिया परफेक्ट लुक 

एक इंटरव्यू के दौरान हेयर स्टाइलिस्ट दर्शन येवालेकर ने बताया कि उन्हें रणवीर सिंह को कपिल देव का लुक देने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी। हर स्ट्रैंड को सही करने के लिए उन्हें काफी वक्त लगा था। दर्शन ने बताया था कि उनके लिए यह बहुत बड़ी चुनौती थी। जब कबीर खान उनसे मिले थे तब कबीर ने आसान शब्दों में उन्हें यह बता दिया था कि उन्हें रणवीर सिंह को कपिल देव बनाना है। वह और रणवीर सिंह जानते थे कि 1983 में कपिल देव कैसे देखते थे इसीलिए उन्होंने हर संभव कोशिश की और रणवीर सिंह को कपिल देव का लुक दिया। इसके लिए उन्होंने कम से कम चार से पांच लुक को टेस्ट किए थे। 

मूछों पर भी दिया ध्यान

सिर्फ बाल पर ही नहीं बल्कि दर्शन येवालेकर ने रणवीर सिंह के मूछों को भी कपिल देव की मूछों का लुक दिया था। कपिल देव की मूछें बहुत क्लासिक थी इसीलिए रणवीर सिंह की मूछों का सही होना बहुत जरूरी था। इसके लिए उन्होंने नकली मूछों का उपयोग नहीं किया था। असंभव को संभव बनाने में कपिल देव ने खुद मदद की थी। रणवीर सिंह को कपिल देव का प्रतिबिंब बनाने के लिए काफी मेहनत करना पड़ा था। 

ऐसे की थी प्लानिंग

दर्शन येवालेकर ने बताया कि, रणवीर सिंह को कपिल का लुक देना बहुत कठिन था। इसके लिए उन्होंने कबीर खान और रणवीर सिंह से बातचीत की थी। सबसे पहले उन्होंने सभी खामियों को दूर किया था। ताकि यह साफ हो सके कि उन्हें कपिल देव का कैरीकेचर नहीं बल्कि असली चरित्र बनाना है। दर्शन और रणवीर सिंह एक दूसरे को बहुत पहले से जानते हैं। दर्शन के पाइपलाइन में रॉकी और रानी की प्रेम कहानी जैसी फिल्म शामिल है जिसके लिए उनकी टीम तैयारी कर रही है। 

End of Article