Chakda Xpress: क्रिकेट खेलना सीख रही हैं अनुष्का शर्मा, रोजाना बहा रहीं पसीना, शेयर किया खास वीडियो

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 11, 2022, 02:54 PM IST

Anushka Sharma in Chakda Xpress: एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा अपनी अपकमिंग फिल्म चकदा एक्सप्रेस के लिए खूब पसीना बहा रही हैं। फिल्म में अनुष्का झूलन गोस्वामी के रोल में नजर आएंगी।

Chakda Xpress: क्रिकेट खेलना सीख रही हैं अनुष्का शर्मा, रोजाना बहा रहीं पसीना, शेयर किया खास वीडियो
Photo Credit: Instagram

Anushka Sharma Upcoming Movie: बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं। अनुष्का लंबे समय बाद फिल्म चकदा एक्सप्रेस (Chakda Xpress) से बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। फिल्म का ऐलान इस साल जनवरी में किया गया था और अब उन्होंने इसकी ट्रनिंग शुरू कर दी है। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो भी शेयर की है। 

अनुष्का ने शेयर किया वीडियो

अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर की जिसमें वो क्रिकेट की ट्रेनिंग लेती नजर आ रही हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्ट्रेस इसके लिए बहुत पसीना बहा रही हैं। इसमें अनुष्का पहले स्ट्रेचिंग करती हैं और फिर बॉलिंग व बैटिंग करती हैं। इस वीडियो को शेयर कर अनुष्का ने लिखा, 'Get-Sweat-Go. जैसे जैसे दिन करीब आ रहे हैं हम हार्ड और इंटेंस हो रहे हैं।'

रोजाना 2-3 घंटे प्रैक्टिस करती हैं अनुष्का

फिल्म के लिए अनुष्का कड़ी मेहनत कर रही हैं और हफ्ते के 6 दिन, 2-3 घंटे तक पसीना बहाती हैं। मालूम हो कि चकदा एक्सप्रेस में अनुष्का विश्व क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज महिला गेंदबाजों में से एक झूलन गोस्वामी का रोल प्ले करती नजर आएंगी। 

कौन हैं झूलन गोस्वामी

मालूम हो कि झूलन गोस्वामी महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज एवं दुनिया में दूसरे नंबर की सबसे तेज गेंदबाज हैं। उन्‍होंने कुल 333 अंतरराष्‍ट्रीय विकेट चटकाए हैं। दाएं हाथ की तेज गेंदबाज झूलन गोस्‍वामी ने टेस्‍ट में 41 विकेट झटके। इसके अलावा वनडे में 236 विकेट ले चुकी हैं। वहीं टी-20 इंटरनेशनल में 56 विकेट दर्ज है। झूलन भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे बेहतरीन गेंदबाज रही हैं। उन्होंने अपना डेब्यू साल 2002 में ही किया था। झूलन गोस्‍वामी भारतीय महिला क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करती हैं।

साल 2018 में रिलीज हुई थी अनुष्का की फिल्म

अनुष्का की बात करें तो वो आखिरी बार साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म जीरो में नजर आईं थीं जिसमें उनके अलावा शाहरुख खान और कैटरीना कैफ लीड रोल में थे। यह फिल्म दर्शकों को इंप्रेस करने में असफल रही थी। इस फिल्म के बाद से अनुष्का ब्रेक पर हैं और दर्शक एक्ट्रेस की नई फिल्म की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अनुष्का अब 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई करने वाली तीन फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं जिसमें सुल्तान, पीके और संजू शामिल है।  

End of Article