शादी के ढाई साल बाद अनुष्का- विराट ने दी खुशखबरी, जानें लवर्स से हमसफर बनने तक का ये सफर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 27, 2020, 01:00 PM IST

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा मां बनने वाली हैं और अगले साल जनवरी में उनके बच्चे का जन्म होगा। इस मौके पर हम आपको बता रहे हैं उनकी और विराट कोहली की लव स्टोरी।

शादी के ढाई साल बाद अनुष्का- विराट ने दी खुशखबरी, जानें लवर्स से हमसफर बनने तक का ये सफर
Photo Credit: Instagram

बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा जल्द ही मां बनने वाली हैं। हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को इस बात की जानकारी दी। अनुष्का ने बताया कि अगले साल जनवरी में होगा। इस मौके पर हम आपको बता रहे हैं कि दोनों की लव स्टोरी कैसी है। 

साल 2013 में हुई थी मुलाकात

अनुष्का और विराट की मुलाकात साल 2013 में एक शैंपू के ऐड के दौरान हुई थी। इस समय विराट बहुत नर्वस थे और उन्होंने अनुष्का को देखते ही जोक क्रैक किया था। विराट ने बताया था, 'मैं जब पहली बार अनुष्का से मिला तो मैंने जोक क्रैक किया क्योंकि मैं नर्वस था और मुझे पता नहीं था क्या करना है। मैंने कुछ ऐसा कहा जो मुझे नहीं कहना चाहिए था।' विराट ने बताया कि अनुष्का ने हील्स पहनी थीं और वो उनसे लंबी लग रही थीं तो उन्होंने अनुष्का को कहा था, 'तुम्हें नहीं लगता की तुमने ज्यादा हाई हील्स ली हैं?'

2014 में थे अफेयर के चर्चे

साल 2014 में विराट और अनुष्का अपने अफेयर को लेकर चर्चा में थे। दोनों समय मिलते ही एक दूसरे से मिलने पहुंच जाते थे। इसी साल हैदराबाद में हुए ओडीआई मैच के दौरान विराट ने हाफ सेंचुरी के बाद बैट के जरिए अनुष्का को फ्लाइंग किस दिया था, इसके चलते दोनों काफी चर्चा में रहे। इसी साल विराट अनुष्का के जन्मदिन के मौके पर उनसे मिलने उदयपुर पहुंचे थे जहां वो फिल्म वेलवेट की शूटिंग कर रही थीं। 

विराट की परफॉर्मेंस को लेकर ट्रोल हुईं अनुष्का

सेलेब्स को जहां फैंस का भरपूर प्यार मिलता है तो वहीं वो हमेशा ट्रोलर्स के निशाने पर भी रहते हैं। साल 2015 में भारत की हार और विराट कोहली के प्रदर्शन को लेकर अनुष्का ट्रोलर्स के निशाने पर आ गईं। इसके बाद विराट ने अनुष्का का सपोर्ट करते हुए उन लोगों को लताड़ लगाई जिन्होंने भारत की हार के लिए एक्ट्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

2016 में रिश्ते में आई दूरी

साल 2016 में अनुष्का और विराट कोहली को लेकर खबरें आईं कि दोनों के रिश्ते में सबकुछ ठीक नहीं है। विराट और अनुष्का ने इंस्टाग्राम पर एक दूसरे को अनफॉलो कर दिया था और दोनों साथ में नजर आना बंद हो गए। इसके बाद विराट ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक फोटो शेयर की और उसके साथ 'हार्टब्रोकन' कैप्शन लिखा, जिससे दोनों के रिश्ते को लेकर कयास लगाए जाने लगे। इसके बाद विराट ने तस्वीर को डिलीट कर इसे दूसरे कैप्शन के साथ पोस्ट किया। 

खत्म हुई दूरियां

अनुष्का- विराट के रिलेशनशिप को लेकर खबरें आने लगी लेकिन जल्द ही दोनों एक बार फिर साथ आ गए। दिसंबर 2016 में दोनों क्रिकेटर युवराज सिंह की शादी में पहुंचे और साथ में नजर आए। इसके बाद जल्द ही दोनों की सगाई करने की खबरें आने लगीं और विराट ने ट्वीट कर यह साफ किया कि अभी दोनों सगाई नहीं कर रहे हैं। विराट ने कहा कि अगर ऐसा हुआ तो हम इसे छिपाएंगे नहीं। 

साल 2017 में की शादी

विराट और अनुष्का इसके बाद कई बार साथ नजर आते और उन्होंने कभी अपने रिश्ते को छुपाया नहीं। साल 2017 में दोनों की शादी को लेकर खबरें आने लगीं लेकिन उन्होंने इस बारे में चुप्पी साधे रखी। इसके बाद 11 दिसंबर, 2017 को उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए फैंस को यह जानकारी दी कि उन्होंने इटली के लेक कोमो में शादी कर ली है। जैसे ही उन्होंने यह जानकारी दी सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें वायरल हो गईं और फैंस ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। अब शादी के करीब ढाई साल बाद दोनों सोशल मीडिया के जरिए फैंस को खुशखबरी दी कि वो जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं।

End of Article