ईडी के दावों के बाद अंकिता लोखंडे ने शेयर की अपनी बैंक अकाउंट डिटेल, खुद देती हैं अपने फ्लैट की EMI

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 15, 2020, 06:59 AM IST

प्रवर्तन निदेशालय ने हाल ही में यह दावा किया था कि अंकिता लोखंडे के फ्लैट की ईएमआई सुशांत सिंह राजपूत के खाते के कटती थी। इसके बाद अंकिता ने अपनी बैंक अकाउंट डिटेल्स शेयर कर इन दावों को गलत साबित किया।

ईडी के दावों के बाद अंकिता लोखंडे ने शेयर की अपनी बैंक अकाउंट डिटेल, खुद देती हैं अपने फ्लैट की EMI
Photo Credit: Instagram

सुशांत सिंह राजपूत ने दो महीने पहले सुसाइड किया था और उनका परिवार एक्टर के लिए इंसाफ की मांग कर रहा है। इस मामले में लगातार नई चीजें निकलकर सामने आ रही हैं।

इस केस में सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई थी जिसके बाद प्रवर्तन निदेशाल य (ईडी) इस मनी लॉन्ड्रिद मामले में एक्ट्रेस से पूछताछ कर रही है। हाल ही में ईडी ने यह जानकारी दी कि सुशांत की एक्स- गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे 4.5 करोड़ रुपये के जिस फ्लैट में रहती थीं उसकी ईएमआई सुशांत के बैंक अकाउंट से कटती थी। यह फ्लैट सुशांत के नाम पर रजिस्टर्ड है।

अंकिता ने शेयर की बैंक स्टेटमेंट

ईडी का यह बयान सामने आने के बाद अंकिता लोखंडे ने सफाई दी कि अपने फ्लैट की ईएमआई हर महीने वो खुद भर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने अपनी बैंक स्टेटमेंट भी इंस्टाग्राम पर शेयर की। अंकिता ने अपनी बैंक स्टेटमेंट शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'यहां मैं सभी अटकलों को खत्म करती हूं। जितनी ट्रांसपेरेंट मैं हो सकती हूं। मेरे फ्लैट का रजिस्ट्रेशन साथ ही मेरी बैंक स्टेटमेंट को हाईलाइट किया गया है जो हर महीने मेरे बैंक अकाउंट से कटती है। इससे ज्यादा मुझे कुछ नहीं कहना।' मालूम हो कि ये बैंक स्टेटमेंट 1 जनवरी 2019 से लेकर 1 मार्च 2020 तक की है।

सुशांत की बहन ने किया कमेंट

अंकिता लोखंडे के इस पोस्ट पर सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने कमेंट कर एक्ट्रेस को सपोर्ट किया। श्वेता ने कमेंट कर लिखा, 'तुम आत्मनिर्भर महिला हो और मुझे तुमपर गर्व है।' बता दें कि सुशांत और अंकिता करीब छह साल तक रिलेशनशिप में थे और शादी भी करने वाले थे, लेकिन बाद में उनका ब्रेकअप हो गया और दोनों अलग हो गए। इसके बाद सुशांत एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को डेट कर रहे थे। 14 जून को सुशांत ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

End of Article