इलायची ब्रैंड से जुड़ने के लिए अक्षय कुमार ने फैंस से मांगी माफी, लिखा- मैं अपने कदम पीछे लेता हूं

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 21, 2022, 07:36 AM IST

Akshay Kumar Apologises: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार हाल ही में इलायची ब्रैंड से जुड़े थे और उसे प्रमोट करते नजर आए थे, जिसके बाद से फैंस उनसे नाराज थे और लगातार सोशल मीडिया पर एक्टर को ट्रोल किया जा रहा था। इसके बाद अब अक्षय ने फैंस से माफी मांगी है।

इलायची ब्रैंड से जुड़ने के लिए अक्षय कुमार ने फैंस से मांगी माफी, लिखा- मैं अपने कदम पीछे लेता हूं

Akshay Kumar Apologises For Endorsing An Elaichi Brand: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार कुछ दिन पहले एक इलायची ब्रैंड से जुड़े, जिसका हिस्सा एक्टर अजय देवगन और शाहरुख खान भी हैं। इसकी पहली ऐड को टेलिविजन पर दिखाया भी गया जिसके बाद यह वायरल हो गई और फैंस अक्षय से नाखुश नजर आए। दरअसल अक्षय उन एक्टर्स में से एक हैं जो हमेशा सेहत को लेकर बात करते हैं और पहले यह बात कह चुके हैं कि वो पैसे के लिए किसी भी ऐसी किसी चीज को सपोर्ट नहीं करेंगे जो व्यक्तिगत रूप से उन्हें गलत लगती है और सेहत के लिए हानिकारक है।

अक्षय कुमार ने किया ये पोस्ट

अक्षय कुमार का इस इलायची ब्रैंड से जुड़ने और इसे प्रमोट करने को लेकर फैंस उनसे नाराज हो गए और एक्टर को सोशल मीडिया पर ट्रोल करना शुरू कर दिया। इसके बाद अब अक्षय ने इस ब्रैंड से खुद को अलग करने का फैसला कर लिया है। एक्टर ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस से माफी मांगते हुए कहा कि वो खुद को इस ब्रैंड से अलग कर रहे हैं। 

अक्षय ने फैंस से मांगी माफी

अक्षय ने सोशल मीडिया पोस्ट करते हुए लिखा, 'मैं माफी चाहता हूं। मैं अपने सभी फैंस और शुभ चिंतकों से माफी मांगना चाहता हूं। पिछले कुछ दिनों में मिले आप सभी के रिएक्शन का मुझपर बहुत असर हुआ है। मैंने तंबाकू का समर्थन ना ही किया है और न ही करूंगा। मैं विमल इलाइची के साथ जुड़ने पर आपकी भावनाओं का सम्मान करता हूं। पूरी विनम्रता के साथ, मैं पीछे हटता हूं। मैंने इसकी फीस को अच्छे काम में लगाने का फैसला किया है। हो सकता है कि कॉन्ट्रैक्ट की अवधि तक ब्रैंड इस ऐड को दिखाता रहे लेकिन मैं भविष्य में इस तरह के फैसले लेने का वादा करता हूं। बदले में मैं हमेशा आपके प्यार और शुभकामनाएं मांगता रहूंगा।'

फैंस कर रहे तारीफ

अक्षय ने जैसे ही सोशल मीडिया पर ये पोस्ट किया उसपर तुरंत फैंस ने कमेंट करना शुरू कर दिया। अक्षय के फैंस उनकी तारीफ कर रहे हैं। फैंस का कहना है कि अक्षय को अपनी गलती का एहसास हुआ, जो कि अच्छी बात है। 

End of Article