Ratsasan के हिंदी रीमेक में बनेगी अक्षय कुमार और रकुल प्रीत की जोड़ी, ऐसी होगी Mission Cinderella की कहानी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 1, 2021, 05:48 PM IST

Mission Cinderella: साल 2018 में राजकुमार द्वारा निर्देशित तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म रत्सासन का हिंदी रीमेक बनने के लिए तैयार है। फिल्म के हिंदी रीमेक में अक्षय कुमार और रकुल प्रीत सिंह नजर आएंगी।

Ratsasan के हिंदी रीमेक में बनेगी अक्षय कुमार और रकुल प्रीत की जोड़ी, ऐसी होगी Mission Cinderella की कहानी

Akshay Kumar And Rakul preet Singh in Ratsasan Hindi Remake Mission Cinderella: तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म रत्सासन को पसंद करने वाले करोड़ों लोग हैं। इस फिल्म को सुपरहिट साइको फिल्म का ठप्पा मिला हुआ है। साल 2018 में राजकुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विष्णु विशाल, अमाला पाल और मुनिष्कांत जैसे सितारे नजर आए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का हिंदी रीमेक मिशन सिंड्रेला (Mission Cinderella) बनने के लिए तैयार है।

सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है कि फिल्म में अक्षय कुमार और रकुल प्रीत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। रंजीत एम तिवारी द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अक्षय कुमार विष्णु विशाल का रोल निभाएंगे। वहीं अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह अमाला पॉल की भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग इसी साल अगस्त में शुरू होगी। फिल्म का प्रोडक्शन जैकी भगनानी करेंगे। रंजीत एम तिवारी अक्षय कुमार की आगामी फिल्म बेल बॉटम का भी निर्देशन कर चुके हैं।

ऐसी होगी फिल्म की कहानी

साल 2018 में रिलीज तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म रत्सासन ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया था और ताबड़तोड़ कमाई की थी। साथ ही फिल्म ने विष्णु विशाल के करियर में चार चांद लगा दिया था। यह फिल्म पिछले साल आईएमडीबी पर टॉप रेटेड भारतीय फिल्मों की सूची में शामिल थी।

फिल्म की कहानी एक पुलिस वाले के ईर्द-गिर्द घूमती है। जिसमें विष्णु विशाल और अमाला पॉल ने मुख्य भूमिका का निर्वहन किया है। फिल्म में विष्णु एक पुलिस वाले के किरदार में नजर आते हैं। जो बनना तो डायरेक्टर चाहता है, लेकिन पिता का साया सर से हटने के बाद उसकी पुलिस में भर्ती हो जाती है। इस दौरान वह एक ऐसे केस की जांच करता है, जिसमें एक साइको किलर स्कूल की लड़कियों को ट्रैक कर उनकी बेरहमी से हत्या करता है। आपको बता बेलमोकोंडा श्रीनिवास और अनुपमा परमेस्वरन अभिनीत फिल्म को तेलुगु में रक्षुसुडु के रूप में बनाया गया था।

रमेश बाला और श्रीधर पिल्लई ने की पुष्टि

फिल्म समीक्षक और ट्रेड एनालिस्ट रमेश बाला और श्रीधर पिल्लई ने हाल ही में अपने ट्विटर हैंडल के जरिए इस खबर को साझा किया। उन्होंने बताया कि तमिल ब्लॉकबस्टर फिल्म रत्सासन का हिंदी रीमेक मिशन सिंड्रेला बनने को तैयार है। इस फिल्म के हिंदी रीमेक में अक्षय कुमार और रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी

अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म

अक्षय कुमार की आगामी फिल्मों की बात करें तो एक्टर सूर्यवंशी, बेल बॉटम, रामसेतू, बच्चन पांडे, रक्षाबंधन, पृथ्वीराज और ओह माय गॉड के सीक्वल में नजर आने वाले हैं। सूर्यवंशी रिलीज के लिए तैयार है। फिल्म की कोरोना के भयावह प्रकोप के कारण होल्ड कर दी गई थी।

End of Article