Animal Scene To Reveal On Burj Khalifa: बॉलीवुड के मशहूर एक्टर रणबीर कपूर अपनी मोस्ट अवेटेड मूवी 'एनिमल' के साथ बड़े पर्दे पर धांसू एंट्री मारने के लिए तैयार है। 'एनिमल' में रणबीर कपूर के साथ-साथ रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) और बॉबी देओल (Bobby Deol) भी मुख्य भूमिका अदा करते दिखाई देंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 18 नवंबर को 'एनिमल' का ट्रेलर रिलीज होगा। इतना ही नहीं, अब 'एनिमल' को हिट कराने के लिए रणबीर कपूर, शाहरुख खान के नक्शे-कदम पर चलने की कोशिश कर रहे हैं।
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर कपूर अपनी 'एनिमल' को दुनियाभर में पॉपुलर कराने के लिए अब शाहरुख खान की रणनीति अपनाएंगे। दरअसल, 'एनिमल' (Animal) से जुड़ी कुछ झलकियां दुबई की सबसे ऊंची बिल्डिंग बुर्ज खलीफा पर दिखाई जाएगी। इस ग्रांड इवेंट में बॉबी देओल (Bobby Deol) भी हिस्सा लेते नजर आएंगे। खबर की मानें तो 'एनिमल' का 60 सेकंड का वीडियो बुर्ज खलीफा पर दिखाया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, जिससे 'एनिमल' भारत के साथ-साथ विदेशी बाजारों में भी मशहूर हो सके और फिल्म को सफलता प्राप्त करने में मदद हो।
बता दें कि शाहरुख खान को अक्सर अपनी फिल्मों का प्रमोशन दुबई में करते देखा जाता है। ऐसे में 'एनिमल' (Animal) को लेकर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) और मेकर्स ने भी फैसला किया है कि वे दुबई के सहारे विदेशों में फिल्म को बढ़ावा देने की कोशिश करेंगे। बता दें कि फिल्म पूरी तरह से थ्रिलर और एक्शन से भरपूर होने वाली है। 'एनिमल' में जहां बॉबी देओल विलेन के रोल में नजर आएंगे तो वहीं रश्मिका मंदाना रणबीर कपूर की पत्नी का किरदार अदा करेंगी। 'एनिमल' के गाने भी अभी तक दर्शकों के दिलों पर जबरदस्त छाप छोड़ चुके हैं।
