शहर

Gorakhpur Crime: सऊदी अरब में ड्रोन हमले में गोरखपुर के कमलेश पांडेय की मौत, दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

Gorakhpur Crime: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के बांसगांव निवासी कमलेश पांडेय की सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए एक ड्रोन हमले में दर्दनाक मौत हो गई। 21 अक्टूबर की रात हुए इस हमले से उनके गांव किशनपुर बगही में गहरा मातम छा गया है।

Image

सऊदी अरब में ड्रोन हमला (प्रतीकात्मक फोटो)

Photo : iStock

Gorakhpur Crime: गोरखपुर जिले के बांसगांव क्षेत्र के किशनपुर बगही गांव निवासी कमलेश पांडेय (पुत्र हरिश्चंद्र पांडेय) की सऊदी अरब में ड्रोन हमले में मौत हो जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कमलेश पांडेय सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर काम करते थे। परिजनों के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात हुए ड्रोन हमले में वह इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कमलेश की मौत की खबर से उनकी पत्नी सुनीता देवी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी बड़ी बेटी 14 वर्ष की, जबकि छोटी बेटी महज 10 वर्ष की है। कम उम्र में ही दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है।

विदेश में परिवार की आजीविका के लिए काम कर रहे कमलेश की असामयिक मौत ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। पत्नी सुनीता देवी का विलाप सुनकर लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं। गांव के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं।

शव भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे परिजन

कमलेश पांडेय का शव भारत लाने के लिए परिजन आवश्यक प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। परिवार को इंतजार है कि उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द गांव लाया जा सके, ताकि अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा सके।

इस हृदयविदारक घटना से किशनपुर बगही गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने दिवंगत कमलेश पांडेय के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की कामना की है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article