शहर

पीएम मोदी का वाराणसी-ओडिशा दौरा, काशी में देखेंगे एयर शो तो भुवनेश्वर में RBI डेटा सेंटर का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान वह वाराणसी में वायुसेना दिवस के मौके पर होने वाला हवाई प्रदर्शन देखेंगे और भुवनेश्वर में आरबीआई के डेटा सेंटर तथा साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फोटो-Narendra Modi)

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को ओडिशा और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। वे भुवनेश्वर में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 169 करोड़ रुपये की लागत से बने डेटा सेंटर तथा साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। वहीं, वाराणसी में वायुसेना दिवस के मौके पर होने वाला हवाई प्रदर्शन देखेंगे। पीएम अपने लोकसभा क्षेत्र में अरविंद लिमिटेड की नई परिधान निर्माण इकाई का उद्घाटन करेंगे। यह इकाई भारत के कपड़ा और परिधान निर्माण ईको सिस्टम को मजबूत करने और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रधानमंत्री वाराणसी के नमो घाट पर वायुसेना दिवस हवाई प्रदर्शन-2026 भी देखेंगे। यह कार्यक्रम भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में मनाया जाएगा और 'विंग्स ओवर गंगाज' विषय के अंतर्गत आयोजित किया जाएगा। इस हवाई प्रदर्शन में तेजस, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) प्रचंड, एसयू-30एमकेआई और राफेल सहित परिवहन विमान भी शामिल होंगे।

भुवनेश्वर में आरबीआई के नव स्थापित डेटा सेंटर का उद्घाटन

भुवनेश्वर में, प्रधानमंत्री भारतीय रिजर्व बैंक के नव स्थापित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन करेंगे। उन्हें बैंक की कंप्यूटिंग आवश्यकताओं को पूरा करने और बैंक और व्यापक वित्तीय क्षेत्र के लिए एक सुरक्षित, लचीला और भविष्य के लिए तैयार कंप्यूटिंग ईको सिस्टम प्रदान करने के लिए डिज़ाइन किया गया है।

सीएम योगी ने तैयारियों की ली समीक्षा

पीएम के दौरे से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर एयर शो की तैयारियों की समीक्षा की। प्रधानमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री ने नमो घाट का स्थलीय निरीक्षण भी किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली, आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री शनिवार शाम दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे और उन्होंने सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में लोगों की गंगा घाटों तक पहुंच आसान बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि अनावश्यक अवरोधक न लगाए जाए और भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि सभी गंगा घाटों पर अतिरिक्त सफाई, पर्याप्त शौचालय और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि दर्शकों को किसी तरह की असुविधा न हो। प्रधानमंत्री के आगमन और एयर शो के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने गंगा घाटों सहित सभी प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने, मार्ग परिवर्तन की प्रभावी व्यवस्था करने और यातायात सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया। योगी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि भीड़ नियंत्रण के दौरान आम लोगों की आवाजाही और घाटों तक पहुंच में अनावश्यक बाधा न आए।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को जिला प्रशासन और पुलिस की तैयारियों की जानकारी दी। अधिकारियों के प्रस्तुतीकरण के आधार पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि घाटों पर गाद की सफाई कराई गई, 200 मोबाइल शौचालय और 280 पानी के टैंकरों की व्यवस्था की गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article