King Teaser: सुपरस्टार शाहरुख खान एक बार फिर अपने खतरनाक अंदाज से पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ पर सभी की नजरें टिकी हुई है। इस बीच फिल्म किंग का नया 17 सेकंड का टीजर सामने आया है, जिसमें उनका खूंखार लुक और एक्शन से भरे सीन्स देखने को मिल रहे हैं। इस छोटे से टीजर ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। आइए नजर डालते है इस टीजर पर...(Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Captain India: युद्ध, खतरा और रेस्क्यू मिशन! कार्तिक आर्यन की फिल्म की कहानी में होगा बड़ा ट्विस्ट)
किंग का नया टीजर आउट
सामने आए किंग के टीजर में शाहरुख खान का लुक देखने लायक है। उनके होंठ पर खून लगा हुआ है। उनके दांतों के बीच हुकुम के बादशाह वाला ताश का पत्ता भी दिखाई देता है। इसके बाद पर्दे पर लिखा आता है, ‘पिक्चर अभी बाकी है!’ यह लाइन उनकी फिल्म ‘ओम शांति ओम’ के मशहूर डायलॉग की याद दिलाती है। टीजर में ‘किंग अकेला काफी है!’ का दमदार संदेश भी दिखाया गया है। एक दृश्य में शाहरुख बर्फ से ढके ऊंचे पहाड़ की चोटी पर खड़े नजर आते हैं। वहीं, कांच टूटने, लाल रंग के मलबे और खून से सनी सफेद शर्ट में उनके घायल लुक की झलक भी दिखाई गई है। एक दूसरे सीन में वह पीली जैकेट और चश्मे में नजर आते हैं। टीजर के अंत में फिल्म का नाम और रिलीज डेट दिखाई जाती है।
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, जैकी श्रॉफ, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, अरशद वारसी और राघव जुयाल भी नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और बाकी किरदारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। ‘किंग’ का निर्माण गौरी खान, सिद्धार्थ आनंद और ममता आनंद कर रहे हैं। रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले बन रही यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। आप इस फिल्म के लिए कितने बेकरार हैं हमें कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं...
