बॉलीवुड

Tiger Shroff Firing Case: जब आमिर खान तक नहीं पहुंच पाए हमलावर, टाइगर श्रॉफ को बनाया निशाना

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में पुलिस की जांच तेज है। आमिर खान को निशाना बनाने की योजना से लेकर आरोपियों को भागने में मदद करने वालों तक, कई अहम पहलुओं की पड़ताल जारी है।

Image

आमिर खान थे निशाने पर (pic credit-instagram)

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) की कार पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस की जांच अब एक बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों ने पहले आमिर खान (Aamir Khan) को निशाना बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन उन तक पहुंचना मुश्किल होने पर टाइगर श्रॉफ पर हमला किया। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपियों को पुलिस की कार्रवाई और भागने के रास्तों की जानकारी कौन दे रहा था। (टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें-Bigg Boss 20: लव गिल को निशाना बनाकर ट्रोल हुईं काशवी, अब माफी मांगते हुए बोलीं- गलत शब्दों का इस्तेमाल किया)

एक महीने तक आमिर खान के घर के आसपास की रेकी

‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने करीब एक महीने तक आमिर खान की गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान वे कम से कम तीन बार उनके घर के आसपास पहुंचे। हालांकि, आमिर के शूटिंग के लिए बाहर जाने या लंबे समय तक घर के अंदर रहने के कारण हमलावरों को मौका नहीं मिला। पुलिस आमिर को पहले मिली धमकियों और इस कथित साजिश के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस को शक है कि तीनों आरोपियों को इंटरनेट कॉलिंग और मैसेजिंग ऐप के जरिए उनके हैंडलर्स से मदद मिल रही थी। जब टीवी चैनलों पर संदिग्धों के चेहरे दिखाए गए, तो उनमें से एक को कथित तौर पर संदेश मिला, 'तुम्हारे चेहरे आ गए हैं, निकल जाओ वहां से।' पुलिस यह भी जांच रही है कि आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल बाइक मिलने और पुलिस की कार्रवाई से जुड़ी जानकारी कैसे मिल रही थी।

बता दें कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह गोलियां चलाई गई थीं। इस हमले में टाइगर को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और एक राहगीर घायल हो गए थे। पुलिस ने अगले दिन राजस्थान के कोटा में ट्रेन से जा रहे तीन आरोपियों फूल सिंह, रेहान अंसारी और ऋतिक महतो को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान अंधेरी से हमले में इस्तेमाल की गई बाइक और सूरत से दो बंदूकें और 10 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने इंदौर से प्रांजल ठाकरन को भी गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों को पकड़ा जा चुका है। पुलिस ने गैंगस्टर अनिल पंडित को भी आरोपी बनाया है और उसकी तलाश जारी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस साजिश में कौन-कौन शामिल था और हथियार कहां से लाए गए थे।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article