इलेक्शन

दक्षिण में इस 'चाणक्य' ने फिर पलटी कांग्रेस की किस्मत! अब तेलंगाना में रंग लाई रणनीति, मोदी के अभियान में भी कर चुके हैं काम

  • Compiled by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 4, 2023, 07:30 AM IST

Telangana Assembly Results 2023, Who is Sunil Kanugolu: कर्नाटक और तेलंगाना को कांग्रेस की झोली में डालने वाले कानुगोलू को लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की ओर से अधिक जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना है।

Image

चुनावी रणनीतिकार सुनील कानुगोलू और तेलंगाना के हैदराबाद में कांग्रेस की जीत का जश्न मनाते हुए पार्टी कार्यकर्ता।

Photo : टाइम्स नाउ ब्यूरो

Telangana Assembly Results 2023, Who is Sunil Kanugolu: तेलंगाना सूबे में कांग्रेस ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को सत्ता से बाहर करते हुए दक्षिण भारत में अपना विस्तार किया है। केसीआर की पार्टी को पछाड़ते हुए कांग्रेस ने 64 विधानसभा सीटों पर रविवार (तीन दिसंबर, 2023) को जीत हासिल की। साथ ही पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया।

वैसे, वहां पर पार्टी की जीत के पीछे असल चेहरा सुनील कानुगोलू हैं, जो कि इस दल के लिए किसी चुनावी चाणक्य से कम नहीं हैं। कानुगोलू ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ए. रेवंत रेड्डी के साथ मिलकर के.चंद्रशेखर राव के नेतृत्व वाली बीआरएस को हराने के मकसद से कांग्रेस की रणनीति तैयार करने के लिए एक मजबूत जोड़ी बनाई। राव दक्षिणी राज्य में तीसरे कार्यकाल की तलाश में थे।

पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश के बाद कानुगोलू ने राजस्थान और मध्य प्रदेश का भी रुख किया था लेकिन क्षेत्रीय क्षत्रप अशोक गहलोत और कमलनाथ कथित तौर पर चुनाव रणनीतिकार के सुझावों से एकमत नहीं थे। राजस्थान चुनावों से पहले, कानुगोलू ने संभावित उम्मीदवारों की जीत के बारे में आकलन किया था, पर कथित तौर पर गहलोत उनके सुझावों से सहमत नहीं हुए। गहलोत विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस सरकार की रणनीति बनाने के लिए नरेश अरोड़ा के ‘डिजाइनबॉक्स’ को ले आए।

सूत्रों की मानें तो कर्नाटक और तेलंगाना में कानुगोलू की सफलता उन्हें और उनकी टीम को स्वतंत्र रूप से काम करने की इजाजत देने का नतीजा थी। कर्नाटक से आने वाले कानुगोलू की उम्र लगभग 40 वर्ष है। उनको कर्नाटक में भाजपा के खिलाफ ‘पे-सीएम’ अभियान के साथ कांग्रेस की रणनीति गढ़ने वाला माना जाता है। तेलंगाना में चुनावों से पहले, उन्होंने कांग्रेस के अभियान के हिस्से के रूप में के.चंद्रशेखर राव सरकार के कथित भ्रष्टाचार को उजागर किया था और इस मुद्दे पर पार्टी को लोगों का साथ मिला।

यह दूसरा मौका था, जब उन्होंने कांग्रेस की किस्मत साउथ में पलटी है। तेलंगाना के पहले कर्नाटक में कांग्रेस को जिताने में उनकी अहम भूमिका थी और वहां भी उनकी रणनीति रंग लाई थी। कांग्रेस ने मई, 2023 में तेलंगाना के पड़ोसी राज्य कर्नाटक में भाजपा को करारी शिकस्त देकर अपनी सरकार बनाई थी। कानुगोलू को कर्नाटक में कांग्रेस की जीत का काफी हद तक श्रेय दिया गया था। उन्हें इसके बाद सिद्धरमैया सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया।

कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस की ओर से चलाए गए अभियानों में काफी समानता है क्योंकि दोनों ने सत्ताधारी सरकार के कथित भ्रष्टाचार और प्रस्तावित कल्याण गारंटी को रेखांकित किया, जिससे जनता तुरंत जुड़ती दिखी। सबसे रोचक बात है कि कानुगोलू पूर्व में भाजपा के कई चुनाव अभियानों में शामिल रहे हैं। उन्होंने 2018 में कर्नाटक में भाजपा के साथ काम किया और पार्टी 104 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनने में कामयाब रही। यही नहीं, वह साल 2014 में नरेंद्र मोदी के अभियान के साथ उत्तर प्रदेश और गुजरात में पार्टी के रणनीतिक अभियानों पर भी काम कर चुके हैं।

मैकेंजी के पूर्व सलाहकार कानुगोलू द्रमुक प्रमुख एम.के. स्टालिन से भी जुड़े थे और 2019 के लोकसभा चुनावों के दौरान पार्टी के ‘नमक्कू नामे’ (हमारे लिए, हम हैं) अभियान का जिम्मा उनके पास था। उन्होंने 2021 में, द्रमुक के खिलाफ अन्नाद्रमुक के साथ भी काम किया और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में तब पार्टी 75 सीटें जीती थीं। कानुगोलू पिछले साल कांग्रेस में शामिल हुए थे और कर्नाटक में पार्टी के अभियान से जुड़े।

उन्हें पिछले साल कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की रणनीति बनाने का भी श्रेय दिया जाता है। कर्नाटक और तेलंगाना को कांग्रेस की झोली में डालने वाले कानुगोलू को लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी की ओर से अधिक जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना है। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article