इलेक्शन

West Bengal Election: दूसरे चरण से पहले पश्चिम बंगाल में कई जगह हिंसा, 24 घंटे में 1000 से ज्यादा उपद्रवी गिरफ्तार

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में कल यानि कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण की वोटिंग होनी है, उससे पहले कई इलाकों में हिंसा की घटनाएं देखने को मिल रही हैं।

Image

टीएमसी सांसद की कार पर हमला (फोटो- TMC)

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले राजनीतिक माहौल बेहद तनावपूर्ण होता जा रहा है। 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण के मतदान में 8 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इससे पहले चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए बीते 24 घंटे में 1000 से अधिक उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सके। इसी बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों से हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया है।

जगद्दल में बमबाजी और झड़प

26 अप्रैल को प्रधानमंत्री Narendra Modi की रैली से कुछ घंटे पहले उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल इलाके में भारी हिंसा भड़क गई। Trinamool Congress (टीएमसी) और Bharatiya Janata Party (भाजपा) समर्थकों के बीच जमकर झड़प हुई। इस दौरान बमबाजी की घटना में तीन लोग घायल हो गए।

हालीशहर में फायरिंग, कार्यकर्ता घायल

27 अप्रैल को हालीशहर नगरपालिका के खासबाटी इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई। इसमें एक तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गया। घायल युवक की पहचान 30 वर्षीय प्रोसेनजीत मौलिक उर्फ राजा के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

भाटपारा में गोलीबारी, CISF जवान जख्मी

उत्तरी 24 परगना के भाटपारा इलाके में भाजपा उम्मीदवार के आवास के बाहर हुई गोलीबारी में Central Industrial Security Force (CISF) का एक जवान घायल हो गया। इस मामले में पुलिस ने तृणमूल पार्षद समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

हुगली में सांसद की गाड़ी में तोड़फोड़

हुगली जिले के गोगहाट में आरामबाग की सांसद मिताली बाग ने आरोप लगाया कि जब वह Abhishek Banerjee की रैली में शामिल होने जा रही थीं, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की।

चुनाव आयोग की सख्ती जारी

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने चुनाव आयोग और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कीमत पर चुनाव प्रक्रिया को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

राज्य में बढ़ती हिंसा के बीच अब सबकी नजर 29 अप्रैल को होने वाले मतदान पर टिकी है, जहां प्रशासन के लिए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना बड़ी चुनौती बना हुआ है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article