शहर

चिराग पासवान बोले - सिलेक्टिव क्रिटिसिज्म क्यों, SIR प्रक्रिया में दिक्कत है तो प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीतीं?

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने SIR प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने विपक्ष पर सिलेक्टिव क्रिटिसिज्म का आरोप लगाते हुए पूछा कि प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीतीं।

Image

SIR विरोध के मुद्दे पर चिराग पासवान ने विपक्ष को आड़े हाथ लिया

चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर जारी विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने विपक्ष के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर Selective Criticism का आरोप लगाते हुए पूछा कि अगर SIR प्रक्रिया में इतनी गंभीर दिक्कतें थीं, तो प्रियंका गांधी चुनाव कैसे जीत गईं? उन्होंने कहा कि विपक्ष उन राज्यों में चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाता है, जहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार बनती है, लेकिन दूसरे राज्यों में अपनी जीत पर चुप रहता है।

चुनाव आयोग के जवाब से चिराग संतुष्ट

दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत के दौरान चिराग पासवान ने कहा कि उन्हें भी कुछ चिंताएं थीं और उन्होंने हमेशा जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनके मुताबिक, चुनाव आयोग ने एक दिन पहले उठाए गए सवालों का बिंदुवार जवाब दिया, जिससे वह संतुष्ट हैं।

चिराग ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि किसी प्रक्रिया को एक जगह गलत और दूसरी जगह सही नहीं ठहराया जा सकता। उनके अनुसार, चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों को सभी राज्यों में समान मानदंड अपनाने चाहिए।

केरल और हिमाचल का किया जिक्र

चिराग पासवान ने केरल और हिमाचल प्रदेश का उदाहरण देते हुए विपक्ष से सवाल किया कि वहां सरकारें कैसे बनीं और काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को उन राज्यों में भी चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने चाहिए, जहां उसके दल सत्ता में हैं।

SIR को लेकर राजनीतिक बहस जारी

SIR यानी Special Intensive Revision मतदाता सूची की विशेष गहन जांच और संशोधन की प्रक्रिया है। इसे लेकर विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची में बदलाव पर प्रश्न उठाए हैं। वहीं, चिराग पासवान ने इन आरोपों को सिलेक्टिव क्रिटिसिज्म बताते हुए विपक्ष से अपने दावों पर स्पष्ट रुख अपनाने को कहा।

गौरतलब है कि चिराग पासवान ने कल यानी रविवार 27 सितंबर को ही बिहार में अपने गठबंधन की सरकार को महिला सुरक्षा को लेकर आड़े हाथों लिया था। उन्होंने कहा था कि राज्य में जिस तरह की कानून व्यवस्था है और महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं, उसे लेकर वह शर्मिंदा हैं कि वह उस सरकार का हिस्सा हैं। हालांकि, उन्होंने उम्मीद भी जतायी की राज्य सरकार ऐसी घटनाओं पर जल्द रोक लगाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article