इलेक्शन

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण का मतदान आज, 57 सीटों पर होगी वोटिंग

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और सात राज्यों की 57 सीट पर मतदान होगा। इस चरण में वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी मतदान होगा जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं।

Image

लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण का मतदान आज

Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के आखिरी चरण के लिए मतदान शनिवार यानि की आज होगा। लोकसभा चुनाव के सातवें चरण में 57 सीटों पर वोटिंग होगी। इस चरण के समाप्त होते ही लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग की प्रक्रिया समाप्त हो जाएगी। मतों की गिनती 4 जून को होगी। चुनाव मैदान में कुल 904 प्रत्याशी मौजूद हैं। इनमें शामिल प्रमुख उम्मीदवारों में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती और अभिनेत्री कंगना रनौत हैं।

किन-किन सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण में शनिवार को केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ और सात राज्यों की 57 सीट पर मतदान होगा। इस चरण में वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी मतदान होगा जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की चार, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार की आठ, ओडिशा की छह और झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर मतदान होगा। ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ होंगे।

क्या है तैयारी

इस चरण में लगभग 5.24 करोड़ पुरुष, 4.82 करोड़ महिलाएं और 3,574 ‘थर्ड जेंडर’ मतदाताओं सहित 10.06 करोड़ से अधिक नागरिक मतदान करने के पात्र हैं। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदानकर्मियों के दलों को ईवीएम और चुनाव सामग्री के साथ उनके संबंधित मतदान केंद्रों पर भेज दिया गया है। इसने कहा कि 1.09 लाख मतदान केंद्रों पर पेयजल, रैंप और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि मतदान आरामदायक और सुरक्षित माहौल में हो सके। आयोग ने मतदाताओं से अधिक संख्या में मतदान करने तथा जिम्मेदारी और गर्व के साथ मतदान प्रक्रिया में शामिल होने का आह्वान किया। पहले छह चरणों में मतदान क्रमशः 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत, 65.68 प्रतिशत, 69.16 प्रतिशत, 62.2 प्रतिशत और 63.36 प्रतिशत रहा था।

प्रमुख उम्मीदवार

मंडी में रनौत और हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर से पांचवीं बार चुनाव लड़ रहे हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा कांगड़ा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। बिहार में इस चरण में सासाराम, नालंदा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, काराकाट और जहानाबाद में मतदान होगा जहां लगभग 1.62 करोड़ मतदाता 134 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। राज्य में केंद्रीय मंत्री आर के सिंह आरा से जीत की ‘हैट्रिक’ बनाने की कोशिश में हैं, जहां उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी भाकपा माले के मौजूदा विधायक सुदामा प्रसाद हैं। पटना साहिब से भाजपा के वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला कांग्रेस प्रवक्ता अंशुल अभिजीत से है। पाटलिपुत्र में मीसा भारती तीसरी बार किस्मत आजमा रही हैं। भाजपा सांसद रामकृपाल यादव इस सीट पर जीत की ‘हैट्रिक’ बनाने के प्रयास में हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article