इलेक्शन

'सम्राट चौधरी को बड़ा आदमी बनाने जा रहे PM मोदी', शाह की जनता से अपील; डिप्टी CM को दें वोट

Bihar Elections 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘बड़ा आदमी’’ बनाएंगे। शाह ने लोगों से अपील की कि कृपया उन्हें वोट दें और उनकी जीत सुनिश्चित करें।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फोटो साभार: @AmitShah)

Photo : Twitter

Bihar Elections 2025: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को विधानसभा चुनाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘बड़ा आदमी’’ बनाएंगे। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र में एक रैली में यह टिप्पणी की, जहां से चौधरी भाजपा उम्मीदवार हैं।

शाह ने कहा, ‘‘जैसा कि सम्राट चौधरी ने अपने भाषण में कहा, उनका जन्म यहीं हुआ था। हमने स्थानीय जदयू विधायक राजीव सिंह को सम्राट चौधरी के पक्ष में अपनी सीट छोड़ने के लिए राजी किया। तारापुर के लोग, अन्य जगहों के लोग हमसे अपने विधायकों के लिए मंत्री पद दिलाने का अनुरोध करते हैं। आपके विधायक तो स्वत: ही उपमुख्यमंत्री हैं।’’

भाजपा के प्रमुख रणनीतिकार माने जाने वाले शाह ने लोगों से अपील की, ‘‘कृपया उन्हें वोट दें और उनकी जीत सुनिश्चित करें। आने वाले दिनों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें बड़ा आदमी, बहुत बड़ा आदमी बनाने जा रहे हैं।’’ इस टिप्पणी से चुनावी राज्य बिहार में राजग के बारे में नयी अटकलें शुरू होने की संभावना है, विपक्ष दावा कर रहा है कि भाजपा ने जदयू सुप्रीमो और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हटाकर सत्ता के शीर्ष पद पर अपना उम्मीदवार बैठाने का मन बना लिया है।

BJP पर बरसे पवन खेड़ा

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने ‘एक्स’ पर शाह की टिप्पणी की खबर को साझा करते हुए लिखा, ‘‘केवल मुख्यमंत्री ही उपमुख्यमंत्री से बड़ा आदमी है। नीतीश जी, आशा है आप सुन रहे होंगे।’’ बिहार देश का एकमात्र हिंदी भाषी राज्य है जहां भाजपा अब तक सरकार का नेतृत्व नहीं कर पाई है।

कौन हैं सम्राट चौधरी?

सम्राट चौधरी पहले जदयू और मुख्य विपक्षी दल राजद में भी थे। वह एक दशक से भी कम समय पहले भाजपा में शामिल हुए जिसके बाद वह पार्टी में तेजी से आगे बढ़े हैं। उनके कद में वृद्धि को भाजपा की कुशवाहा समुदाय तक पहुंचने की रणनीति के एक हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। कुशवाहा यादवों के बाद ओबीसी में सबसे अधिक आबादी वाला समुदाय है। यादव मुख्यतः राजद समर्थक हैं। चौधरी का विधानपरिषद के सदस्य के रूप में यह लगातार दूसरा कार्यकाल है। वह एक दशक बाद सीधा चुनाव लड़ रहे हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article