यूटिलिटी

AC को सर्दी के सीजन में 28 डिग्री पर चलानें में क्या रूम गर्म होगा, जानें कैसे काम करती है इसकी टेक्नोलॉजी

अक्सर लोग सोचते हैं कि जब AC को 16 या 18 डिग्री पर चलाने से ठंडक मिलती है, तो 28 या 30 डिग्री पर चलाने से गर्माहट मिलेगी। इसको लेकर लगभग हर किसी के मन में कंफ्यूजन होता है। आइए आपको बताते हैं कि सर्दियों के सीजन में एसी को चलाना चाहिए या नहीं।

Image

अक्सर लोग यही सोचते हैं कि हाई टेम्प्रेचर में एसी चलाने से रूम गर्म होगा लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। (फोटो क्रेडिट-iStock)

AC Winter Tips: गर्मियों में AC का इस्तेमाल तो लगभग हर घर में होता है, लेकिन जैसे ही सर्दियों का मौसम शुरू होता है, लोग AC का इस्तेमाल करना बंद कर देते हैं। इस दौरान कई लोगों के मन में एक सवाल जरूर आता है कि क्या ठंड के दिनों में भी AC से गर्म हवा मिल सकती है? अगर AC को 28 डिग्री या इससे ज्यादा तापमान पर सेट कर दिया जाए, तो क्या कमरा गर्म हो सकता है? कई लोग मानते हैं कि AC का तापमान बढ़ाने से गर्म हवा आने लगती है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि AC सिर्फ ठंडी हवा देने के लिए होता है। इतना ही नहीं, कुछ लोग सर्दियों में AC को हीटर की तरह इस्तेमाल करने के बारे में भी सोचते हैं। अगर आपके मन में भी ऐसे सवाल हैं और आप जानना चाहते हैं कि 28 डिग्री पर AC चलाने से वाकई गर्म हवा आती है या नहीं, तो आइए आसान भाषा में इसकी पूरी सच्चाई समझते हैं।

क्या 28 डिग्री पर AC गर्म हवा देता है?

इसका जवाब है- यह आपके AC के मॉडल और उसमें दिए गए फीचर पर निर्भर करता है। अगर आपके घर में सामान्य AC लगा है, जिसमें सिर्फ कूलिंग की सुविधा है, तो उसे 28 डिग्री पर सेट करने से गर्म हवा नहीं आएगी। ऐसा AC केवल कमरे को ठंडा करने का काम करता है।

वहीं, अगर आपके घर में Hot and Cold AC या इन्वर्टर हीट पंप वाला AC है, तो वह सर्दियों में गर्म हवा भी दे सकता है। ऐसे AC में हीटिंग मोड दिया जाता है, जिसकी मदद से कमरे का तापमान बढ़ाया जा सकता है।

सामान्य AC को 28 डिग्री पर चलाने से क्या होगा?

अक्सर लोग सोचते हैं कि जब AC को 16 या 18 डिग्री पर चलाने से ठंडक मिलती है, तो 28 या 30 डिग्री पर चलाने से गर्माहट मिलेगी। लेकिन ऐसा नहीं है। दरअसल, सामान्य AC का काम कमरे की गर्मी को बाहर निकालकर उसे ठंडा करना होता है। जब आप इसका तापमान 28 डिग्री पर सेट करते हैं, तो AC कमरे को उस तापमान तक ठंडा करने की कोशिश करता है। इसका मतलब यह नहीं है कि वह कमरे में गर्म हवा भेजने लगेगा। अगर कमरे का तापमान पहले से ही 20 डिग्री है, तो सामान्य कूलिंग AC उसे 28 डिग्री तक गर्म नहीं करेगा।

Hot and Cold AC कैसे करता है काम?

Hot and Cold AC बाकी सामान्य AC से थोड़ा अलग होता है। इसमें हीटिंग और कूलिंग दोनों की सुविधा मिलती है। गर्मियों में यह कमरे को ठंडा करता है और सर्दियों में गर्म हवा देकर कमरे को आरामदायक बनाता है। इसमें हीट पंप तकनीक का इस्तेमाल होता है। आसान भाषा में समझें तो यह बाहर की हवा से गर्मी लेकर उसे कमरे के अंदर पहुंचा सकता है। इसी वजह से सर्दियों में भी इससे गर्म हवा मिलती है। ऐसे AC में आमतौर पर Heat Mode का विकल्प दिया जाता है। इसे चुनने के बाद आप अपनी जरूरत के हिसाब से तापमान सेट कर सकते हैं।

AC गर्म हवा दे सकता है या नहीं?

  • ये जानने के लिए सबसे पहले अपने AC के रिमोट को देखें। अगर उसमें Heat Mode का विकल्प है या सूरज जैसा कोई निशान बना हुआ है, तो हो सकता है कि आपका AC गर्म हवा देने वाला हो।
  • इसके अलावा AC के मॉडल नंबर और उसके मैनुअल में भी इसकी जानकारी मिल सकती है। आप कंपनी की वेबसाइट पर जाकर भी अपने AC के फीचर्स चेक कर सकते हैं।
  • ध्यान रखें कि सिर्फ इन्वर्टर AC होने का मतलब यह नहीं है कि उसमें गर्म हवा देने की सुविधा भी होगी। इसके लिए Hot and Cold फीचर होना जरूरी है।

क्या सर्दियों में AC को 28 डिग्री पर चलाना सही है?

अगर आपके पास Hot and Cold AC है, तो सर्दियों में उसे 28 डिग्री पर चलाने से कमरा गर्म हो सकता है। हालांकि, हर बार इतना ज्यादा तापमान सेट करने की जरूरत नहीं होती। आप कमरे के तापमान और अपनी सुविधा के हिसाब से इसे सेट कर सकते हैं। वहीं, अगर आपके पास सामान्य AC है तो उसे 28 डिग्री पर चलाने से कमरे में गर्माहट नहीं आएगी। इसलिए बेवजह AC चलाने से बिजली भी खर्च हो सकती है।

क्या सर्दियों में AC हीटर का काम कर सकता है?

हां, लेकिन हर AC नहीं। सिर्फ वही AC सर्दियों में हीटर की तरह काम कर सकता है, जिसमें हीटिंग मोड या Hot and Cold की सुविधा दी गई हो। सामान्य AC सिर्फ कूलिंग करता है और तापमान 28 डिग्री करने से गर्म हवा नहीं देता।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article