Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी के आवास पर पार्टी नेताओं की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक को लेकर कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा हुई। इस बीच, सूत्रों के हवाले से जानकारी सामने आई कि परिसीमन बिल को लेकर समाजवादी पार्टी संसद से वॉकआउट करने का मन बनाया है।
इस बैठक के बाद लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने बताया कि सरकार का लक्ष्य परिसीमन के माध्यम से लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर वह काम करने का है, जिसे वह पिछले लोकसभा चुनाव में 400 पार के नारे के बावजूद नहीं कर पाई थी।
क्या है कांग्रेस की मांग
कांग्रेस का दावा है कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार एक बार फिर संसद में परिसीमन विधेयक लाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर अपनी तीन प्रमुख मांगें रखी हैं।
- लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या को बरकरार रखा जाए।
- लोकसभा की वर्तमान सीटों की संख्या के आधार पर ही महिला आरक्षण लागू किया जाए।
- अगले 25 वर्षों तक लोकसभा में विभिन्न राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा बंटवारा बरकरार रखा जाए।
गोगोई ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन आयोग के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना चाहते हैं। गोगोई ने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या और हर राज्य की लोकसभा सीटों की सीटों की संख्या को भी बरकरार रखा जाए तथा इसमें 25 साल तक कोई बदलाव नहीं होने चाहिए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी NCP
बकौल गोगोई, कांग्रेस की मांग यह भी है कि 543 सीटों में ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए। गोगोई ने आरोप लगाया, ''सरकार पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित हेरफेर के जरिये यह तय करने की कोशिश कर रही है कि कौन मतदान कर सकता है और कौन नहीं। अब परिसीमन के जरिये यह तय करने की कोशिश की जा रही है कि कौन कहां मतदान कर सकेगा।''
