देश

चंद्रबाबू नायडू ने भी परिसीमन बिल का किया समर्थन, बोले - 50 प्रतिशत सीटें बढ़ेंगी तो महिलाओं को मिलेगा असली हक

Chandrababu Naidu on Delimitation Bill: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र के परिसीमन के ऐतिहासिक फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अब अगला बड़ा कदम 50 प्रतिशत आरक्षण की ओर है, जहां सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

Image

चंद्रबाबू नायडू और पीएम मोदी (फोटो साभार- PTI)

Chandrababu Naidu on Delimitation Bill: संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार परिसीमन बिल लाने की तैयारी में है। अब आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शुक्रवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री के परिसीमन के ऐतिहासिक फैसले का समर्थन करने पहुंचे। केंद्रीय मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायडू ने कहा कि यह फैसला सबका साथ, सबका विकास का सच्चा उदाहरण है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इसके लिए बधाई दी। नायडू ने कहा, "आज मैं यहां प्रधानमंत्री द्वारा ली गई ऐतिहासिक पहल का समर्थन करने के लिए आया हूं। यह सबका साथ, सबका विकास है। मैं वास्तव में उन्हें बधाई देना चाहता हूं। महिला आरक्षण तीन दशकों से लंबित था। मैं इसका सीधा गवाह हूं। अब यह आकार ले रहा है, देश में एक उम्मीद जगी है।"

एन चंद्रबाबू नायडू ने केंद्र सरकार का किया समर्थन

उन्होंने कहा कि अब अगला बड़ा कदम 50 प्रतिशत आरक्षण की ओर है, जहां सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। नायडू के मुताबिक, केंद्र सरकार ने हर राज्य के लिए 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की पहल की है। इससे सभी राज्यों को राहत मिलेगी। नायडू ने दक्षिण भारत की चिंता को खुलकर रखा। उन्होंने कहा, "कल तक हम सभी डरे हुए थे। दक्षिण भारत को देखिए, अगर आप 1971 की जनगणना या 2011 की जनगणना या 2026 की जनगणना को देखते हैं, तो दक्षिण भारत को बड़ी समस्या होगी। क्योंकि शुरुआती दौर में हमने परिवार नियोजन में पहल की थी।"

उन्होंने आंकड़ों के साथ अपनी बात रखी। नायडू ने कहा, "अब हमारा फर्टिलिटी रेट 1.6 है और रिप्लेसमेंट लेवल 2.1 है। पूरा दक्षिण भारत इसी समस्या का सामना कर रहा है।" इसीलिए उन्होंने जनसंख्या प्रबंधन का आह्वान किया है। नायडू ने कहा, "अब मैंने जनसंख्या प्रबंधन का आह्वान किया है, बड़े परिवारों के लिए प्रोत्साहन और अधिक से अधिक बच्चों के लिए। केंद्र सरकार ने हर राज्य के लिए 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की पहल की है। इससे हम सभी को बहुत राहत मिलेगी।"

'गृहमंत्री ने किया वादा निभाया'

नायडू ने याद दिलाया कि संसद में जब इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, तो गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के सवालों पर स्पष्ट कहा था कि समय दीजिए, मैं बिल लेकर आऊंगा और पास कराऊंगा। अब वही वादा पूरा हो रहा है। इससे पहले खबर आई कि शरद पवार की पार्टी एनसीपी (एसपी) भी परिसीमन बिल पर मोदी सरकार का समर्थन करने जा रही है। एनसीपी (एसपी) विधायक जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से मुलाकात के बाद यह जानकारी दी।

परिसीमन से बढ़ेंगी दक्षिण की सीटें

परिसीमन के बाद दक्षिण भारत के राज्यों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के 50% सीटें बढ़ाने के फैसले से दक्षिण के कुल लोकसभा सीटों की संख्या 129 से बढ़कर 195 हो जाएगी। आंध्र प्रदेश के पास आज 25 सीटें हैं, जो बढ़कर 38 हो जाएंगी। कर्नाटक में 28 सीटें बढ़कर 42 हो जाएंगी। तेलंगाना में 17 से बढ़कर 26 सीटें होंगी, जबकि केरल में 20 से बढ़कर 30 सीटें होंगी। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि सीटें बढ़ने से दक्षिण भारत का डर खत्म होगा और जनसंख्या प्रबंधन के साथ-साथ महिलाओं को भी ज्यादा प्रतिनिधित्व मिलेगा।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article