इलेक्शन

UP: शिवपाल को CM ने बता दिया था 'पेंडुलम', भतीजे का पलटवार- चाचा पुराने खिलाड़ी, ऐसा झूला झुलाएंगे कि...

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Nov 29, 2022, 07:40 PM IST

Mainpuri Bypolls 2022: दरअसल, सीएम योगी ने सोमवार को कहा था, ‘‘मैं एक दिन बयान पढ़ रहा था चाचा शिवपाल का, उनकी स्थिति पेंडुलम जैसी हो गयी है। पिछली बार आपने देखा होगा कितना बेइज्जत करके भेजा, कुर्सी तक नहीं मिली, कुर्सी के हैंडल पर बैठना पड़ा था।’’ उन्होंने सलाह दिया, ‘‘जीवन में कभी पेंडुलम नहीं बनना चाहिए, पेंडुलम का कोई मतलब नहीं होता है। वह (शिवपाल) फुटबॉल बन गये हैं, उन्हें फुटबॉल बनने से बचना होगा।’’

Image

यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव। (फाइल)

Photo : IANS

Mainpuri Bypolls 2022: उत्तर प्रदेश में मैनपुरी लोकसभा सीट पर होने वाले उप-चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। चाचा शिवपाल सिंह यादव को पेंडुलम बताने पर उन्होंने कहा कि वह सियासत के पुराने खिलाड़ी हैं। वह सीएम योगी को ऐसा झूला झुलाएंगे कि उन्हें पता भी नहीं चलेगा।

यादव ने जन सभा में मंच से कहा, "बताओ मुख्यमंत्री हमारे चाचा को पेंडुलम बताकर गए। बोले कि फुटबॉल की तरह इधर-उधर हैं। वो जानते नहीं हैं कि हमारे चाचा उन्हें ऐसा झूला झुलाएंगे। ऐसा इसलिए, क्योंकि अगर कोई पेंडुलम न जाने तो वह झूला ही है।"

वह आगे बोले- आपको पता होगा...गांव-देहात के लोगों को कि कभी-कभी नए बच्चों को पुराना आदमी बिठाकर झुलाता है तो वह बच्चा कैसे रोता है। नेताजी तो थे ही पुराने राजनीति में पर हमारे चाचा भी पुराने खिलाड़ी हैं यह मान लो...।

इस बीच, शिवपाल ने भी योगी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "अच्छा खिलाड़ी फुटबॉल को ऐसा मारता है कि वह तुरंत गोल हो जाती है। डिंपल का भी तुरंत गोल होने वाला (उप-चुनाव में) है।" दरअसल, सीएम योगी ने शिवपाल को लेकर कहा था कि चाचा की पेंडुलम जैसी हालत हो गई है। उन्हें कितनी बार बेइज्जत किया गया और कुर्सी के हैंडल पर बैठना पड़ा था।

सोमवार को मैनपुरी के करहल इलाके में एक चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उनकी (शिवपाल) तुलना ‘‘फुटबॉल और पेंडुलम’’ से करने के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा, ‘‘अखिलेश पहले ही पेंडुलम टिप्पणी पर जवाब दे चुके हैं। जहां तक फुटबॉल का सवाल है, एक अच्छा खिलाड़ी जानता है कि गोल कैसे करना है। अब डिंपल (उपचुनाव में) एक गोल करेंगी।’’ मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में पांच दिसंबर को मतदान और आठ दिसंबर को मतगणना होगी।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article