इलेक्शन

देश की राजनीति को ठीक करने के लिए नया प्रधानमंत्री चुनने का समय आ गया है: प्रियंका गांधी

  • Agency by: भाषा
  • Updated May 5, 2024, 12:50 AM IST

Priyanka Gandhi Rally: प्रियंका ने एक चुनावी रैली में हासन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार एवं यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जद (एस) के निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना के पक्ष में प्रचार करने के लिए भी मोदी पर निशाना साधा।

Image

कर्नाटक में एक रैली के दौरान प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे

Photo : Twitter

Priyanka Gandhi Rally: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर चुनाव प्रचार के दौरान अपने भाषणों के जरिये अपने पद की गरिमा को कम करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि देश की राजनीति को ‘‘ठीक’’ करने के लिए एक नया प्रधानमंत्री चुनने का समय आ गया है। प्रियंका ने एक चुनावी रैली में हासन से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार एवं यौन शोषण के आरोपों का सामना कर रहे जद (एस) के निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना के पक्ष में प्रचार करने के लिए भी मोदी पर निशाना साधा।

कर्नाटक सेक्स स्कैंडल को लेकर बीजेपी पर बोला हमला

उन्होंने कहा- "इस देश में प्रधानमंत्री चुनने की एक अच्छी परंपरा रही है और पंडित जवाहरलाल नेहरू और लालबहादुर शास्त्री जैसे कई दिग्गज नेता देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। दो अन्य प्रधानमंत्रियों ने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान कर दिया। जब आप एक प्रधानमंत्री चुनते हैं, तो आपके मन में उनके लिए पूरा सम्मान होता है और आप उम्मीद करते हैं कि वह अपने पद की गरिमा बनाए रखेंगे। लेकिन आज हमारे प्रधानमंत्री ऐसे नेता के साथ मंच पर आते हैं जिन्होंने कई महिलाओं का यौन शोषण किया है और उनके नाम पर वोट मांगते हैं।"

प्रजव्ल रेवन्ना के देश छोड़ने पर बोला हमला

उन्होंने कहा- "जब चीजें (तथ्य) सामने आती हैं तो व्यक्ति (आरोपी) देश छोड़कर भाग जाता है और प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को पता भी नहीं चलता।वे लोगों के सामने ऐसे बोलते हैं जैसे उन्हें कुछ पता ही नहीं हो। उन्हें सब पता होता है कि कौन कहां है, कहां जा रहा है, लेकिन ये नेता भाग गये और उन्हें पता नहीं चला।"

सात मई को है मतदान

दावणगेरे लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में आयोजित रैली में उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला भी मौजूद थे। इस क्षेत्र में सात मई को मतदान होगा। प्रधानमंत्री पर चुनाव के दौरान अपने भाषणों के माध्यम से पद की गरिमा को कम करने का आरोप लगाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि एक तरफ वह महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की बात करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ महिलाओं के खिलाफ अपराधियों के पक्ष में खड़े हैं।

End of Article