इलेक्शन

बिहार चुनाव: मतदान से पहले तेजस्वी के 5 और वादे; जनता से मांगे 20 महीने, वादों की लगाई झड़ी

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम कचहरी के प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा। इस वादा को पूरा करने के लिए उन्होंने जनता से 20 महीने का समय देने की अपील की।

Image

चुनाव से पहले तेजस्वी ने किए पांच वादे (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Tejashwi Yadav Press Conference: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और अब बदलाव चाहती है। तेजस्वी ने कहा, “बिहार की जनता ने भाजपा को 20 साल दिए, अब हम सिर्फ 20 महीने मांग रहे हैं। जनता ने हमें आशीर्वाद दिया तो हम मिलकर नया बिहार बनाएंगे।”

मौजूदा सरकार पर हमला

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर हैं। उन्होंने कहा कि “लोग भाजपा की चाल और चरित्र को समझ चुके हैं। अमित शाह खुद कह चुके हैं कि बिहार में कारखाने या उद्योग नहीं लग सकते क्योंकि भूमि नहीं है। अगर लंबे समय तक पानी एक जगह ठहरा रहे तो सड़ जाता है, वैसे ही यह सरकार भी सड़ चुकी है।” तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार का बजट भी शिक्षा और चिकित्सा के नाम पर गुजरात में खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब इस भ्रष्ट सरकार को बदलने के लिए बेचैन हैं।

तेजस्वी यादव के 5 बड़े ऐलान

  1. पंचायत प्रतिनिधियों और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों का मानदेय दोगुना किया जाएगा।
  2. पूर्व पंचायत और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को पेंशन दी जाएगी।
  3. पंचायत प्रतिनिधि और ग्राम कचहरी प्रतिनिधियों को 50 लाख रुपये का बीमा मिलेगा।
  4. जन वितरण प्रणाली (PDS) के वितरकों के मानदेय और मार्जिन मनी में बढ़ोतरी की जाएगी।
  5. कुम्हार, लोहार, बढ़ई जैसे मेहनतकश वर्गों को 5 साल के लिए 5 लाख रुपये की ब्याज-मुक्त सहायता राशि दी जाएगी।

विपक्ष की एकजुटता पर बोले तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर राज्य में रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे और सशक्त स्थानीय निकाय प्रणाली विकसित की जाएगी ताकि विकास गांव-गांव तक पहुंचे। जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में भाजपा की जीत और विपक्षी एकता से जुड़े सवाल पर तेजस्वी यादव ने कहा, आज का मुद्दा बिहार है। विपक्ष एकजुट है, मीडिया को भी अपना नजरिया बदलना होगा। बता दें, कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होगा। 6 नंवबर और 11 नंवबर को मतदान होंगे और 14 नवंबर को नतीजे आएंगे, जिसको लेकर दलों की तैयारियां जोरों पर हैं। जनसभाएं, वादें, आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article