Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को अपनी पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में उत्तर प्रदेश की 16 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई है। समाजवादी पार्टी ने अपनी पहली सूची में मैनपुरी से डिंपल यादव, फिरोजाबाद से अक्षय यादव, बदायूं से धर्मेंद्र यादव, संभल से शीफकुर्रहमान बर्क समेत अन्य को उम्मीदवार बनाया है।
समाजवादी पार्टी की पहली सूची को देखें तो जातीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की गई है। 16 उम्मीदवारों में से 11 ओबीसी समाज से आते हैं। इसके अलावा 1 मुस्लिम, 1 दलित, 1 ठाकुर, 1 टंडन व एक खत्री समाज से उम्मीदवार को उतारा गया है। वहीं 11 ओबीसी में 4 कुर्मी, 3 यादव, 2 शाक्य और 1 पाल समाज के प्रत्याशी को उतारा है।
इन सीटों पर बदले गए प्रत्याशी
सपा ने इस बार कई सीटों पर अपने उम्मीदवार बदलें हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा ने खीरी सीट से पूर्वी वर्मा, उन्नाव से पूजा पाल, बांदा से श्याम चरण गुप्ता और फैजाबाद से आनंद सेन को टिकट दिया था। इस बार इन्हें टिकट नहीं मिला है। इनकी जगह सपा ने खीरी सीट से उत्कर्ष वर्मा, उन्नाव से अनु टंडन, बांदा से शिवशंकर पटेल, और फैजाबाद(अब अयोध्या) से अवधेश प्रसाद को टिकट दिया है।
किसे कहां से मिला टिकट
- मैनपुरी से डिंपल यादव प्रत्याशी
- अयोध्या से अवधेश प्रसाद को टिकट
- गोरखपुर से काजल निषाद को टिकट
- बदायूं से धर्मेन्द्र यादव को टिकट
- फ़िरोज़ाबाद से अक्षय यादव को टिकट
- उन्नाव लोकसभा सीट से अनु टंडन को टिकट
- लखनऊ से रविदास मेहरोत्रा को टिकट
- बस्ती से रामप्रसाद चौधरी को टिकट
- बांदा से शिवशंकर सिंह पटेल को टिकट
- अकबरपुर सीट से राजाराम पाल को टिकट
- संभल सीट से शफीकुर्रहमान को टिकट
- एटा सीट से देवेश शाक्य को टिकट
- बस्ती से रामप्रसाद चौधरी
- अंबेडकर नगर से लालजी वर्मा
- फर्रूखाबाद से नवल किशोर शाक्य
- धौरहरा से आनंद भदौरिया
कांग्रेस को 11 सीटें देने का किया था ऐलान
समाजवादी पार्टी ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट में से 11 सीट अपने गठबंधन के सहयोगी दल कांग्रेस और सात सीट राष्ट्रीय लोकदल को देने का ऐलान किया है। हालांकि ये दोनों ही दल सपा से और अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ओर रालोद सीट शेयरिंग के फार्मूले से खुश नहीं हैं।
