Mohania News: बिहार चुनाव से जुड़ी एक बड़ी खबर कैमूर जिले की मोहनिया विधानसभा सीट से आई है। जहां राजद को झटका लगा है। यहां से चुनाव लड़ रही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार श्वेता सुमन का नामांकन रद्द कर दिया गया है। इस फैसले के बाद श्वेता सुमन भावुक हो गईं और रो पड़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका नामांकन जानबूझकर राजनीतिक दबाव में खारिज किया गया है।
भाजपा ने की थी शिकायत
जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने श्वेता सुमन के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा का आरोप था कि श्वेता सुमन ने 2020 के विधानसभा चुनाव में अपने नामांकन पत्र में स्थायी पता उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का बताया था, जबकि इस बार 2025 के चुनाव में उन्होंने खुद को बिहार की निवासी बताकर नामांकन दाखिल किया। भाजपा नेताओं का कहना है कि दो अलग-अलग चुनावों में अलग-अलग पता बताना गलत जानकारी देना है, जो चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
जाति प्रमाण पत्र को लेकर उठे सवाल
इसके अलावा भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि श्वेता सुमन ने गलत तरीके से जाति प्रमाण पत्र बनवाकर आरक्षण का लाभ लिया है। पार्टी का कहना है कि वह उत्तर प्रदेश की निवासी हैं और मोहनिया सीट, जो आरक्षित सीट है, वहां से अनुचित लाभ उठाने की कोशिश की गई। इन्हीं आरोपों के आधार पर भाजपा ने उनका नामांकन रद्द करने की मांग की थी।

रवि शंकर पासवान को आरजेडी ने समर्थन दिया
निर्दलीय उम्मीदवार रवि शंकर पासवान को आरजेडी ने समर्थन दिया
मोहनिया से आरजेडी प्रत्याशी श्वेता सुमन के नामांकन रद्द होने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार रवि शंकर पासवान को आरजेडी ने समर्थन दिया है। इस मामले पर आरजेडी डैमेज कंट्रोल करने में जुटी है। आरजेडी के सिंबल पर चुनाव लड़ रही श्वेता सुमन का आज ही नामांकन रद्द हुआ है। NDA को इसका फायदा ना पहुंचे इसके लिए RJD ने पूर्व सांसद छेदी पासवान के बेटे और मोहनिया से निर्दलीय उम्मीदवार रवि शंकर पासवान को अपना समर्थन दे दिया। रविशंकर पासवान ने लालू-तेजस्वी से मुलाक़ात की है। मुलाकात के बाद आरजेडी ने अधिकारिक तौर पर इसका एलान किया है।
