इलेक्शन

प. बंगाल में कुछ बूथों पर दोबारा हो सकता है मतदान, EVM पर लगे मिले थे टेप, चिपकने वाले पदार्थ और इत्र

West Bengal Election: चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, ईवीएम में काले टेप, चिपकने वाले पदार्थ और इत्र लगाए जाने की कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुई थीं।​

Image

BJP के चुनाव चिह्न पर टेप चिपका मिला

West Bengal Election: पश्चिम बंगाल चुनाव से जुड़ी बड़ी खबर आ रही है। यहां कुछ पोलिंग पर स्टेशन पर दोबारा मतदान के आदेश जारी हो सकते हैं। दूसरे चरण में कुछ पोलिंग बूथ पर EVM पर टेप और ग्लू लगाने की शिकायत मिली थी। पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग बड़ा आदेश दे सकता है। चुनाव आयोग के सूत्रों के अनुसार, ईवीएम में काले टेप, चिपकने वाले पदार्थ और इत्र लगाए जाने की कुल 77 शिकायतें प्राप्त हुई थीं।बता दें कि 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में दूसरे व अंतिम दौर के मतदान को लेकर भारतीय जनता पार्टी नेता अमित मालवीय ने बड़ा आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर भाजपा को वोट देने का विकल्प टेप से ब्लॉक कर दिया गया है, और मतदाताओं को अपना विकल्प चुनने से रोका जा रहा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने क्या -क्या कहा

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि निर्वाचन आयोग उन मतदान केंद्रों पर दोबारा मतदान का आदेश देगा जहां टेप या स्याही का उपयोग करके ईवीएम से छेड़छाड़ करने के आरोप सही पाए जायेंगे क्योंकि आयोग की ऐसे अपराधों को ’बिल्कुल बर्दाश्त नहीं’ करने की नीति है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम में टेप या स्याही से छेड़छाड़ के आरोपों पर जिला निर्वाचन अधिकारी या चुनाव पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद ही पुनर्मतदान का आदेश दिया जाएगा।

अग्रवाल का बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने आरोप लगाया है कि आज दूसरे एवं आखिरी चरण के मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों में उसके चुनाव चिह्न को टेप से ढ़क दिया गया या उस पर स्याही डाल दी गयी।भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 144 और 189 पर पार्टी के चिह्न पर सफेद टेप लगा दिया गया है। मालवीय ने इन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान की मांग की।

टेप लगा मिला या ईवीएम के साथ छेड़छाड़ होने पर दोबारा मतदान

अग्रवाल ने संवाददाताओं से कहा, 'जहां कहीं भी हमें (ईवीएम पर) टेप लगा मिला या ईवीएम के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ पाई गई, वहां हम दोबारा मतदान कराएंगे। हम बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति का पालन करेंगे।' उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मतदान अधिकारियों द्वारा मशीनों के संचालन के दौरान किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ का कोई संकेत नहीं मिला है, जिसमें ’मॉक पोल’ भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा, 'अगर किसी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों से ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो हम पूरे क्षेत्र में दोबारा मतदान कराएंगे। मेरे पास उन मतदान केंद्रों की सटीक संख्या नहीं है (जहां आरोप लगाए गए हैं)।'मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार, ईवीएम को संभालने की जिम्मेदारी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की होती है। उन्होंने कहा कि कथित घटनाएं मतदान के दौरान हुई होंगी।

उन्होंने कहा, 'ऐसा लगता है कि लोगों ने वोट डालने जाते समय मशीनों पर ये टेप चिपका दिये होंगे। ऐसा नहीं है कि हम इसका पता नहीं लगा पाएंगे। हम जांच करेंगे कि लोगों ने वोट डालने में कितना समय लगाया।' अग्रवाल ने कहा कि दोषी पाए जाने वालों को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा अपने भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र के कुछ हिस्सों में पुलिस और केंद्रीय बलों की ’अत्यधिक सक्रियता’ के आरोप पर अग्रवाल ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों ने अपने आकलन के अनुसार कार्रवाई की।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article