Rajnath Singh vs Rahul Gandhi: अमेठी में कांग्रेस पार्टी किसे अपना उम्मीदवार बनाएगी, इसकी तस्वीर अब तक साफ नहीं हो पाई है। राहुल गांधी को यहां से पिछले लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा की स्मृति ईरानी ने करारी शिकस्त दे दी थी, हार के बाद शायद इस सीट से राहुल दोबारा चुनाव लड़ने के मूड में नहीं हैं। तो सवाल ये उठ रहे हैं कि अगर राहुल नहीं तो अमेठी से इस बार कांग्रेस किसे मैदान में उतारेगी? इस बीच देश के रक्षा मंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है।
'अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत राहुल गांधी में नहीं'
राजनाथ सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 2019 में अमेठी लोकसभा सीट से हार के बाद उनमें इस बार वहां से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं है। राजनाथ सिंह ने कहा कि गांधी अपनी हार के बाद उत्तर प्रदेश से केरल पलायन कर गए हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार अनिल के एंटनी के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए कटाक्ष किया, ‘मैंने सुना है कि वायनाड के लोगों ने उन्हें (राहुल गांधी) अपना सांसद नहीं बनाने का फैसला किया है।’
'कांग्रेस का राहुलयान न तो लॉन्च हो पाया, न ही लैंड'
राजनाथ सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि देश में विभिन्न अंतरिक्ष कार्यक्रम और परियोजनाएं लॉन्च की जा रही हैं लेकिन कांग्रेस के युवा नेता पिछले 20 वर्ष में ‘लॉन्च’ नहीं हो पाए। उन्होंने वायनाड से कांग्रेस सांसद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का ‘राहुलयान’ न तो ‘लॉन्च’ हो पाया और न ही कहीं ‘लैंड’ कर पाया।
ए के एंटनी की सराहना करते हुए क्या बोले राजनाथ सिंह?
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी की सराहना की और उन्हें एक ऐसा अनुशासित तथा सिद्धांतवादी व्यक्ति बताया जिनकी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा पर सवाल नहीं उठाया जा सकता। राजनाथ ने कहा कि वह एंटनी के इस बयान पर हैरान रह गए कि अनिल एंटनी चुनाव हार जाएं। उन्होंने कहा, 'मैं जानता हूं कि वह (ए के एंटनी) सिद्धांतवादी व्यक्ति हैं और मैं उनकी मजबूरियां समझता हूं। उनके लिए अनिल एंटनी का समर्थन करना मुश्किल है। हालांकि मैं उनसे कहना चाहूंगा कि अनिल आपका बेटा है।'
उन्होंने कहा, 'आप (ए के एंटनी) उन्हें (अनिल) वोट न दें या उनके लिए वोट नहीं मांगे लेकिन आप उनके पिता हैं और इस नाते मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आपका आशीर्वाद उनके साथ हो।' अपने भाषण में भाजपा नेता ने कांग्रेस और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) पर भरोसेमंद नहीं होने का भी आरोप लगाया। राजनाथ सिंह ने कहा कि वे केरल में एक-दूसरे से लड़ने का दिखावा करते हैं जबकि इसके बाहर वे भाजपा के खिलाफ मिलकर प्रचार कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में अनिल एंटनी की जमकर प्रशंसा की और लोगों से उन्हें वोट देने का आग्रह किया। केरल में लोकसभा चुनाव 26 अप्रैल को होंगे।
