Rajasthan Lok Sabha Chunav 2024 Phase 2 Polling Schdule in Hindi: राजस्थान में 13 लोकसभा सीटों पर 26 अप्रैल यानी शुक्रवार को होने वाले मतदान के लिए व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं। अधिकारियों के अनुसार, मतदान शांतिपूर्ण करवाने के लिए पुलिस के 85 हजार अधिकारी और जवानों के साथ-साथ बड़ी संख्या में होमगार्ड व अन्य जवान तैनात किए गए हैं। राज्य की पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, राजसमंद, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, झालावाड़-बारां, टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर एवं भीलवाड़ा सीट पर 26 अप्रैल को सुबह सात बजे से शाम 6 बजे कर मतदान होगा।। इन सभी सीटों पर कांटे के टक्कर की गुंजाइश है। खासकर, 5 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। आप भी मतदान करने से पहले उन सभी प्रत्याशियों के नाम जान लीजिए, जिनके बीच ये हाईवोल्टेज मुकाबला होने जा रहा है। आइये जानते हैं सभी 13 सीटों के प्रमुख उम्मीदवार कौन-कौन हैं? साथ ही हम आपको बताएंगे कि अगर, आपके पास वोटर आईडी नहीं है तो किस प्रक्रिया के तहत वोट कर सकते हैं। इसके अलावा मतदान करने से पहले आप कहां से वोटर स्लिप पा सकते हैं या किस ऐप के जरिए डाउनलोड कर सकते हैं?
राज्य की 13 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में 28,105 मतदान केन्द्र और 651 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन मतदान केन्द्रों में से अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मियों, होमगार्ड, आरएसी तथा केन्द्रीय सशस्त्र बलों के जवानों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार तैनात किया गया है। अधिकारियों ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की करते हुए कहा कि सभी मतदाता बिना किसी दबाव या प्रलोभन के निर्भय होकर जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतंत्र के पर्व में अपनी भूमिका सजगता से निभाएं। तो चलिए ग्राफ के जरिए समझने की कोशिश करते हैं किन प्रत्याशियों में पार्टियों ने दांव खेला है और मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ कितनी है। हालांकि, कुछ जगहों पर सीटिंग सांसदों का टिकट काटकर नए कैंडिडेट्स को पार्टियों ने मौका दिया है। लिहाजा, हम आपको ये भी बताएंगे वो कौन से नए उम्मीदवार हैं जिन पर पार्टियों ने भरोसा जताया है और किन सांसदों का टिकट काट दिया है।
राजस्थान में दूसरे चरण के लिए प्रत्याशियों की लिस्ट
| दूसरे चरण की लोकसभा सीट | प्रत्याशी बीजेपी | प्रत्याशी कांग्रेस | मौजूदा सांसद |
| टोंक सवाई माधोपुर | सुखबीर सिंह जौनपुरिया | हरीश चंद मीणा | सुखबीर सिंह जौनपुरिया (बीजेपी) |
| अजमेर | भागीरथ चौधरी | रामचंद्र चौधरी | भागीरथ चौधरी (बीजेपी) |
| पाली | पी.पी. चौधरी | संगीता बेनीवाल | पी.पी. चौधरी (बीजेपी) |
| जोधपुर | गजेन्द्र सिंह शेखावत | करन सिंह | गजेन्द्र सिंह शेखावत (बीजेपी) |
| बाड़मेर-जैसलमेर | कैलाश चौधरी | उमेदा राम बेनीवाल | कैलाश चौधरी (बीजेपी) |
| जालौर-सिरोही | लुम्बाराम चौधरी | वैभव गहलोत | देवजी एम पटेल (बीजेपी) टिकट कटा |
| उदयपुर | मन्नालाल रावत | तारा चंद मीणा | अर्जुनलाल मीणा (बीजेपी) |
| चित्तौड़गढ़ | सी.पी. जोशी | उदयलाल आंजना | सी.पी जोशी (बीजेपी) |
| राजसमंद | महिमा विशेश्वर सिंह | दामोदर प्रसाद गुर्जर | दीया कुमारी (2019) |
| कोटा | ओम बिड़ला | प्रहलाद गुंजल | ओम बिड़ला (बीजेपी) |
| झालावाड़ बारां | दुष्यंत सिंह | उर्मिला जैन भाया | दुष्यंत सिंह (बीजेपी) |
| भीलवाड़ा | दामोदर अग्रवाल | डॉ सीपी जोशी | सुभाष बहेड़िया (बीजेपी) टिकट कटा |
| बांसवाड़ा | महेंद्रजीत मालवीय | राजकुमार रोत (BAP) | कनकमल कटारा (बीजेपी) टिकट कटा |
ये है वोटर स्लिप प्राप्त करने का तरीका
अगर, आप भी एक मतदाता हैं तो आपके लिए मतदाता पर्ची (Voter Slip) सबसे जरूरी चीज है। इस पर्ची की मदद से ही आपको अपने मतदान केंद्र के बारे में पता चलता है। चुनाव कर्मियों को यह मतदाता पर्ची दिखाकर ही आप वोटिंग सेंटर पर मतदाता लिस्ट में अपना नाम निकाल सकते हैं। तो फिर यह मतदाता पर्ची मिलेगी कहा से? मतदान के लिए वोटर्स स्लिप पाने का एक आसान तरीका तो यही है कि चुनाव आयोग की तरफ से कैंप लगाकर सभी को मतदाता पर्ची दी जाती है। इसके अलावा अलग-अलग राजनीतिक दलों की तरफ से भी घर-घर जाकर वोटर्स स्लिप हर मतदाता तक पहुंचाई जाती है। अगर आपके पास ऑफलाइन मोड में मतदाता पर्ची नहीं पहुंचती है तो ऐसे में ऑनलाइन विकल्प ही मौजूद रहता है। ऐसे में वोटर्स स्लिप कैसे डाउनलोड करें हम यहां बता रहे हैं -
वोटर स्लिप ऐप से करें डाउनलोड
- ऐस से मतदाता पर्ची डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले आपको अपने फोन में गूगल प्ले स्टोर से 'Voter Helpline App' इंस्टॉल करनी होगी।
- अब आपको इस ऐप में मोबाइल नंबर औप पासवर्ड के जरिए लॉगइन करना होगा। अगर आपने NVSP वेबसाइट पर पर रजिस्टर नहीं किया है तो न्यू यूजर के तौर पर रजिस्टर करें।
- लॉग इन के बाद ‘Search Your Name in Electoral Roll’ विकल्प पर क्लिक करें।
- अब ‘Search by Mobile’, ‘Search by Bar/QR Code’, ‘Search by Details’ या ‘Search by EPIC No’ में से किसी ऑप्शन को चुनें।
- अब जरूरी जानकारी भरकर ‘Search’ पर क्लिक करें
- अब आपके सामने आपकी पूरी डिटेल आ जाएगी, इसे डाउनलोड करने के लिए ‘Download’ आइकन पर क्लिक करें।
वेबसाइट से कैसे डाउनलोड करें मतदाता पर्ची
- मतदाता पर्ची डाउनलोड करने के लिए आपको NVSP की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगइन करना होगा।
- लॉगइन के बाद ‘Search in Electoral Roll’ टैप पर जाएं।
- अब ‘Search by EPIC’, ‘Search by Details’ या ‘Search by Mobile’ में से कोई विकल्प चुनें
- सभी जरूरी जानकारी और काप्चा कोड भरने के बाद ‘Search’ पर क्लिक करें।
- अब सिस्टम आपकी पूरी जानकारी आपके सामने रख देगा। एक्शन कॉलम में ‘View Details’ पर क्लिक करने पर एक अलग पेज में आपके मतदान केंद्र, वोटिंग डेट सहित तमाम जानकारी आ जाएगी।
- अब आप ‘Print Voter Information’ पर क्लिक करके अपनी मतदाता पर्ची डाउनलोड कर सकते हैं।
वोटर आईडी के बिना ऐसे कर सकते हैं मतदान
ये फोटोयुक्त प्रमाण जरूरी (Document Valid Without Voter ID)
- आधार कार्ड
- राशन कार्ड
- मनरेगा जॉब कार्ड
- बैंक पासबुक
- बीमा स्मार्ट कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पैन कार्ड
- पासपोर्ट
- पेंशन डाक्यूमेंट
- हेल्थ इंश्योरेंस स्मार्ट कार्ड
- नेशनल पॉपुलेशन रजिस्टर(NPR) की ओर से जारी स्मार्ट कार्ड
- MP या MLA की तरफ से जारी आधिकारिक पहचान पत्र
