इलेक्शन

रायबरेली से मेरा 100 साल पुराना रिश्ता- कांग्रेस के कामों को गिना बोले राहुल गांधी, बीजेपी को भी घेरा

Rahul Gandhi Raebareli: कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहली बार रायबरेली सीट से अपनी किस्मत आजमा रहें हैं। पिछले चुनाव में राहुल गांधी अमेठी से हार गए थे। दोनों ही सीटें गांधी परिवार का गढ़ रही हैं।

Image

इस बार रायबरेली से मैदान में है राहुल गांधी

Photo : Twitter

Rahul Gandhi Raebareli: कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को रायबरेली के दौरे हैं। इस दौरान वो कई कार्यक्रमों में शामिल हुआ। राहुल गांधी ने रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि रायबरेली से उनका 100 साल पुराना रिश्ता है, उनकी दोनों माताओं की कर्मभूमि रायबरेली है। राहुल गांधी ने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी और बीजेपी पर भी जमकर हमला बोला है। इस दौरे के दौरान राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं।

राहुल गांधी ने रायबरेली के साथ अपने संबंधों को किया याद

राहुल गांधी रायबरेली सीट से पहली बार चुनावी मैदान में हैं। इससे पहले उनकी माता सोनिया गांधी इस सीट से सालों से सांसद बनती रही हैं। राहुल गांधी ने रायबरेली के साथ अपने संबंध को याद करते हुए कहा- "रायबरेली और मेरे परिवार का बहुत पुराना रिश्ता है। हमारा ये रिश्ता 100 साल पुराना है। यहां पहले मेरे परदादा जवाहरलाल नेहरू जी आए थे। मैं ये कह सकता हूं कि जवाहरलाल नेहरू जी को रायबरेली की जनता ने राजनीति सिखाई थी। फिर जब जवाहरलाल नेहरू जी देश के प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने देश की नींव रखी। यानी देश की राजनीतिक नींव रायबरेली की जनता ने रखी। फिर इंदिरा गांधी जी और सोनिया गांधी जी यहां आईं, उन्होंने कई बड़े काम किए और अब मैं यहां आया हूं।

राहुल गांधी ने गिनाए कांग्रेस के काम

राहुल गांधी ने रायबरेली में कांग्रेस के किए गए कामों की एक लिस्ट भी लोगों के सामने रखी। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने कई काम किए हैं, जिसमें- जिला अस्पताल, लालगंज रेल कोच फैक्ट्री, NTPC, ऊंचाहार, AIIMS, स्पाइस पार्क, शारदा नहर, गंगा ब्रिज, राजीव गांधी पेट्रोलियम इंस्टीट्यूट, राष्ट्रीय उड़ान एकेडमी, NIFT, FDDI, हाईवे।

प्रियंका और रायबरेली की जनता का किया धन्यवाद

आगे राहुल गांधी ने रायबरेली की जनता और प्रियंका गांधी को धन्यवाद करते हुए कहा कि मैंने 4,000 किलोमीटर पैदल चलकर 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान' खोली। लेकिन आपने यहां मोहब्बत का मॉल खोल दिया है। इसलिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं। आगे प्रियंका गांधी को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि मैं चुनाव प्रचार के लिए पूरे देश के दौरे पर हूं। ऐसे में मेरी बहन ने यहां मेरे लिए अपना खून-पसीना एक कर दिया है। उसका दिल से धन्यवाद।

बीजेपी पर साधा निशाना

राहुल गांधी ने जनता संबोधित करते हुए बीजेपी और पीएम मोदी पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने पीएम मोदी के सूट से लेकर बेरोजगारी तक के सवालों पर निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा- "नरेन्‍द्र मोदी जिन्हें चाहते हैं वो दो तीन लोग ही सरकार चलाएंगे और जैसे ही संविधान खत्म होगा रोजगार खत्म हो जाएगा। आरक्षण खत्म हो जाएगा और गरीबों के सभी रास्ते बंद हो जाएंगे।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article