इलेक्शन

Bihar Election 2025: प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने जारी किए 65 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम, देखें लिस्ट

आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जन सुराज पार्टी ने 65 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है, जिसमें 20 सुरक्षित और 46 सामान्य सीटें शामिल हैं। इस सूची में अति पिछड़ा वर्ग से 14 उम्मीदवारों को नामित किया गया है। पार्टी की राजनीतिक रणनीति में भागलपुर और सुगौली जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

Image

प्रशांत किशोर (फाइल फोटो: PTI)

Photo : PTI

Jan Suraaj Party Candidate List 2025: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने 65 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है। इस सूची में 20 सुरक्षित सीटें (19 अनुसूचित जाति और 1 अनुसूचित जनजाति) तथा 46 सामान्य सीटें शामिल हैं। आबादी के अनुपात के आधार पर सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने के वादे को ध्यान में रखते हुए, इस चरण में अति पिछड़ा वर्ग से 14 उम्मीदवार (10 हिंदू और 4 मुस्लिम) घोषित किए गए हैं।

जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों की सूची

लिस्ट में प्रशांत किशोर का नाम नहीं

इस बार बिहार विधानसभा चुनाव के सियासी मैदान में प्रशांत किशोर की एंट्री ने पूरी राजनीति को गरमा दिया है। पहली सूची की तरह ही दूसरी सूची में भी प्रशांत किशोर का नाम शामिल नहीं है। पार्टी ने राघोपुर सीट को खाली रखा है, जिससे यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वे इसी सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं। अब तक पहली सूची के 51 और दूसरी सूची के 65 नामों को मिलाकर कुल 116 उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है।

भागलपुर से अभय कांत झा को टिकट

भागलपुर से अभय कांत झा को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि भागलपुर दंगा बिहार के सामाजिक-राजनीतिक इतिहास का एक विनाशकारी अध्याय था। उन्होंने बताया कि अभय कांत झा ने उस समय दंगा पीड़ितों की निःशुल्क कानूनी मदद की, लगभग 850 परिवारों को बचाया, उनका पुनर्वास कराया और मुआवजा दिलवाया। उन्होंने कहा कि झा ने राजनीति में कभी व्यक्तिगत लाभ के लिए कदम नहीं रखा, बल्कि अब जन सुराज से जुड़कर बिहार के बदलाव की दिशा में काम करना चाहते हैं।

पूर्व मंत्री रामचंद्र सहनी भी जन सुराज से जुड़े

पूर्व मंत्री रामचंद्र सहनी ने भी अब जन सुराज पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने बताया कि 2005 से 2010 तक मंत्री और 2020 तक विधायक रहे, लेकिन उम्र के कारण पिछली बार भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इसके बावजूद वे संगठन से जुड़े रहे। सहनी ने कहा कि उन्हें प्रशांत किशोर की विचारधारा और बिहार के लिए उनका विज़न पसंद आया। प्रशांत किशोर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से वे सहनी को जोड़ने की कोशिश कर रहे थे, और अब उनके जुड़ने से सुगौली क्षेत्र में जन सुराज की स्थिति मजबूत होगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article