Adityanath rally in Siwan: बिहार में विधानसभा के पहले चरण के चुनाव की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तीखी होती जा रही है। नेता अपने विरोध दलों पर जमकर हमले कर रहे हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को दिवंगत माफिया शाहबुद्दीन के गढ़ सिवान में चुनावी रैली को संबोधित किया। इस रैली में सीएम योगी ने राजद एवं महागठबंधन पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भी राजग विजयी होगा और बिहार में 'जंगल राज' की वापसी रोकेगा। इस रैली में लोग बुलडोजर लेकर पहुंचे थे। लोगों ने कहा कि बिहार में योगी आदित्यनाथ जैसा मुख्यमंत्री होना चाहिए।
रैली में बुलडोजर लेकर पहुंचे लोग
सिवान में आयोजित सीएम योगी की इस रैली में लोग बुलडोजर लेकर पहुंचे। सभा स्थल पर जैसे ही योगी आदित्यनाथ पहुंचे, वहां 'जय श्री राम' और 'बाबा का बुलडोजर' के नारे लगने लगे। यह चुनावी जनसभा सिवान जिले रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में एनडीए उम्मीदवार विकास सिंह उर्फ जीशू सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी। मंच पर आते ही योगी आदित्यनाथ ने बिहार की जनता से भाजपा और एनडीए प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि 'बिहार में अब अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलडोजर चलना जरूरी है। जैसे उत्तर प्रदेश में माफिया राज खत्म हुआ, वैसे ही बिहार में भी सुशासन की जरूरत है।'
'बिहार में 'जंगल राज' की वापसी नहीं होने देंगे'
बुलडोजर लेकर आए लोगों ने कहा कि हम लोग चाहते है कि बिहार में योगी जी जैसा मुख्यमंत्री हो। रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि बिहार में 'डबल इंजन की सरकार' अराजकता फैलाने वालों को कतई बर्दाशत नहीं करने की नीति पर काम कर रही है और राजग में शामिल दल राज्य में ‘जंगल राज’ की वापसी के किसी भी प्रयास को नाकाम कर देंगे। भाजपा नेता आदित्यनाथ ने लोगों से सर्वांगीण विकास के लिए राजग को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि बिहार के लोगों को 'राजद और कांग्रेस जैसी उन ताकतों की जरूरत नहीं है जो अपराधियों को गले लगाती हैं।'
‘माफिया राज’ को फिर से जिंदा करने की कोशिश-योगी
रघुनाथपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, 'बिहार में ‘माफिया राज’ को फिर से जिंदा करने के लिए ताकतें सक्रिय हैं, लेकिन उन्हें शुरुआत में ही खत्म कर दें। राजग में शामिल सभी दलों ने बिहार में ‘जंगल राज’ की वापसी को रोकने का फैसला किया है। बिहार में ‘डबल इंजन’ की सरकार अराजकता फैलाने वालों को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति पर चलती है... सरकार उसी दिशा में काम कर रही है। बाकी के लिए बुलडोजर मौजूद है।' उन्होंने कहा, 'अपराधियों को गले लगाने वालीं राजद, कांग्रेस को बिहार की सत्ता में न आने दें।'
देवी सीता के मंदिर का विरोध कर रही राजद-सीएम
आदित्यनाथ ने आरोप लगाते हुए कहा, 'कांग्रेस और राजद जैसी ताकतें औरंगजेब की कब्र पर ‘सजदा’ करने की आदी हैं... अपराधियों को गले लगाने वालीं ऐसी ताकतों को सत्ता में न आने दें।' आदित्यनाथ ने दावा किया कि राजद बिहार में देवी सीता के मंदिर के निर्माण का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि 6,100 करोड़ रुपये की लागत से उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम को बिहार के सीतामढ़ी से जोड़ने का कार्य जारी है।
