इलेक्शन

बिहार चुनाव 2025: ओवैसी को लगा चुनावी झटका, AIMIM के कई नेता राजद की शरण में

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM को बड़ा झटका लगा है, जब पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थाम लिया। AIMIM छोड़ने वालों में जफर असलम, मुफ्ती अतहर जावेद, मुफ्ती सुफियान समेत कई नेता शामिल हैं। भाजपा और जदयू के कुछ नेताओं ने भी राजद की सदस्यता ली। तेजस्वी यादव ने सभी नेताओं का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का प्रतीक चिन्ह गमछा भेंट किया।

Image

चुनाव से पहले ओवैसी की पार्टी को झटका (फाइल फोटो | PTI)

Photo : PTI

Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के ठीक पहले असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM को बड़ा झटका लगा है। रविवार को AIMIM के कई नेताओं ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का दामन थाम लिया। पार्टी नेता तेजस्वी यादव ने AIMIM के नेताओं को राजद में शामिल कराया। भाजपा और जदयू के कुछ नेताओं ने भी राजद ज्वाइन की है।

कौन-कौन हुए शामिल

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक AIMIM छोड़कर राजद ज्वाइन करने वाले नेताओं में जफर असलम, मुफ्ती अतहर जावेद, मुफ्ती सुफियान, नेहाल अख्तर, कैसर राही, नियाजुल हसन, अर्शी अजीज, अब्दुल कयूम और कलीमुद्दीन शामिल हैं। इसके अलावा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता प्रगति मेहता, जदयू नेता और मरौढा के पूर्व प्रत्याशी अल्ताफ आलम राजू व गड़खा जिला परिषद सदस्य योगेंद्र राम ने अपने-अपने समर्थकों के साथ राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण की।

तेजस्वी बोले- सभी मिलकर बिहार बदलने के लिए एक साथ खड़े हों

राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि तेजस्वी यादव ने सभी को सदस्यता रसीद देकर सदस्यता ग्रहण कराते हुए सभी को पार्टी का प्रतीक चिन्ह गमछा देकर स्वागत किया। तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सभी मिलकर बिहार बदलने के लिए एक साथ खड़े हों, क्योंकि हम बिहार के लोगों के लिए हर घर नौकरी ,रोजगार, बिहार के विकास को नया आयाम देने के अलावा संविधान और लोकतंत्र की हिफाजत के लिए भाईचारा को मजबूत बनाने के संकल्पों के साथ बिहार के चुनाव में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता का विश्वास और समर्थन बदलाव के लिए है, यह दिख रहा है।

"तेजस्वी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं"

इस अवसर पर AIMIM के शामिल होने वाले नेताओं ने कहा कि बिहार की जनता का मिजाज तेजस्वी यादव के विजन और मिशन के साथ है। हम सभी तेजस्वी यादव को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं, इसीलिए अपनी पार्टी छोड़कर राष्ट्रीय जनता दल और लालू यादव के विचारों के साथ जुड़ रहे हैं। राष्ट्रीय जनता दल वाहिद पार्टी है जिसने नफरत के खिलाफ रोजगार और नौकरी वाली राजनीति को बढ़ावा दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article