DU North Campus Safety: दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को नॉर्थ कैंपस का दौरा कर सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आर्ट्स फैकल्टी के बाहर छात्राओं से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। नॉर्थ कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए उन इलाकों में अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां अभी निगरानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। अधिकारियों को मौजूदा CCTV सिस्टम में मौजूद कवरेज गैप को भी दूर करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को कैंपस के उन हिस्सों की पहचान कर वहां पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, जहां अंधेरा रहता है। इसके साथ ही जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने को कहा गया है। सुरक्षा के लिहाज से कैंपस में मौजूद डार्क स्पॉट को खत्म करने पर भी जोर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि कैंपस की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अधिकारियों ने कैंपस में लगे कैमरों की स्थिति और उनकी कवरेज को लेकर जानकारी दी। सुरक्षा के लिहाज से ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं, जहां छात्रों की आवाजाही अधिक रहती है या जो अपेक्षाकृत सुनसान हैं।
छात्राओं से सीधे सुनी समस्याएं
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दौरे के दौरान छात्राओं से सीधे बातचीत की। उन्होंने सुरक्षा से जुड़ी उनकी चिंताओं और कैंपस में आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों के बारे में जानकारी ली। यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब दिल्ली के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर स्ट्रीट लाइट, CCTV, पुलिस पेट्रोलिंग और सुरक्षित लास्ट-माइल कनेक्टिविटी जैसे मुद्दों पर लगातार जोर दिया जा रहा है।
टूटे फुटपाथों की भी होगी मरम्मत
सुरक्षा सिर्फ कैमरे और स्ट्रीट लाइट तक सीमित नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त फुटपाथों की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिए हैं। कैंपस में जगह-जगह खराब रास्तों और पैदल चलने वाले छात्रों को होने वाली परेशानी को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्रवाई करने को कहा गया है। इससे पहले दिल्ली में शैक्षणिक संस्थानों की सुरक्षा को लेकर उपराज्यपाल की अध्यक्षता में भी बैठक हुई थी। इसमें डार्क स्पॉट, खराब स्ट्रीट लाइट, CCTV कवरेज, पुलिस पेट्रोलिंग और कॉलेजों तक सुरक्षित पहुंच जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई थी।
नॉर्थ कैंपस में मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों को इन समस्याओं पर कार्रवाई करनी होगी। अधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री खुद इन निर्देशों के पालन की समीक्षा करेंगी। ऐसे में आने वाले दिनों में नॉर्थ कैंपस के डार्क स्पॉट, स्ट्रीट लाइट, CCTV कवरेज, फुटपाथ और साफ-सफाई से जुड़े कामों में तेजी आने की उम्मीद है। इसके अलावा कैंपस में जमा कूड़े को हटाने और साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अधिकारियों को सभी चिन्हित समस्याओं पर सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।
