टाइम्स नाउ के साथ Exclusive Interview में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने ग्रुप एडिट-इन-चीफ टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत, नाविका कुमार के एक-एक सवाल का जवाब दिया। इस दौरान उनसे कई प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने बेबाक जवाब दिया। एक प्रश्न विपक्ष के उस आरोप पर भी था, जिसमें वह सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर लोकतंत्र पर हमले का आरोप लगाता है। इस पर भी अमित शाह ने बेबाकी से जवाब दिया।
सूरत और इंदौर में भाजपा उम्मीदवारों के निर्विरोध चुने जाने पर विपक्ष भाजपा पर हमलावर है। ऐसे में वह आरोप लगा रहा है कि सत्तारूढ़ पार्टी लोकतंत्र पर अटैक कर रही है और कैंडिडेट को डराया-धमकाया जा रहा है। इसी पर नाविका कुमार (ग्रुप एडिटर इन चीफ टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत) ने केंद्रीय गृहमंत्री से प्रश्न पूछा। अमित शाह ने कहा, 'देश में अब तक 37 लोग निर्विरोध चुने गए... ज्यादातर कांग्रेस के... तब राहुल बाबा को बताना चाहिए कि उस वक्त उनकी पार्टी कांग्रेस ने लोकतंत्र की हत्या की थी क्या?'
'कांग्रेस से अपनी पार्टी के लोग नहीं संभलते'
अमित शाह का जवाब देने का अपना स्टाइल है, उन्होंने विपक्ष के आरोप के संबंध में पूछे गए सवाल को उल्टा विपक्ष पर ही उड़ेल दिया। उन्होंने बकायदा कुछ नाम गिनाते हुए कहा, यशवंत राव चव्हाण जीते, कांग्रेस के समर्थन से फारुख अब्दुल्ला जीत गए... डिंपल यादव निर्विरोध चुनी गईं। उन्होंने कहा, कांग्रेस से अपनी पार्टी के लोग संभलते नहीं हैं और हर हार को लोकतंत्र पर हमला बोलते हैं।
'EVM से चुनाव जीतने पर शपथ न लें'
केंद्रीय गृहमंत्री ने विपक्ष पर आरोप लगाया, जब ये लोग चुनाव हार जाते हैं तो कहते हैं EVM ठीक नहीं है... EVM पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ते हैं। लेकिन जब उसी ईवीएम से हुए चुनाव में जीत मिलती है तो झट से शपथ ले लेते हैं। उन्होंने कहा, अगर EVM में गड़बड़ है तो जीतने के बाद भी शपथ मत लो... वही EVM है, खराब EVM है, खराब EVM से शपथ ले सकते हैं?यही नहीं उन्होंने सीधे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, राहुल गांधी बताएं वायनाड से जीतेंगे तो शपथ लेंगे या नहीं लेंगे... क्योंकि EVM तो खराब है... उनका चुनाव EVM से हुआ है। उन्होंने कहा, इस प्रकार की बचकाना बातें इतनी पुरानी पार्टी को शोभा नहीं देती।
