इलेक्शन

मेरा कोई भी बेटा राजनीति में नहीं- नितिन गडकरी ने बताया उनकी विरासत पर है किसका हक, परिवार के लिए कठोर शर्तें

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Mar 23, 2024, 09:30 PM IST

Nitin Gadkari: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की नागपुर सीट से फिर से चुनाव लड़ेंगे। दो बार के सांसद गडकरी, सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री हैं।

Image

नितिन गडकरी का परिवार है राजनीति से दूर

Photo : PTI

Nitin Gadkari: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक सभा के दौरान कहा कि उनके बेटे राजनीति में नहीं है। अगर उनका परिवार राजनीति में आना चाहता है तो बिलकुल नीचे से काम करना पड़ेगा। कार्यकर्ता बनना पड़ेगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उनकी विरासत पर उनके परिवार का हक नहीं है।

गडकरी की विरासत पर किसका हक

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में कहा- "मेरा कोई भी बेटा राजनीति में नहीं है। मैंने अपने बेटों से कहा कि अगर वे राजनीति में आना चाहते हैं तो पहले दीवारों पर पोस्टर चिपकाएं और जमीनी स्तर पर काम करें। मेरी राजनीतिक विरासत पर बीजेपी कार्यकर्ताओं का हक है।"

जीत को लेकर आश्वस्त गडकरी

इस कार्यक्रम के दौरान नितिन गडकरी अपनी जीत को लेकर भी आश्वत दिखे। गडकरी ने कहा- ''मुझे पूरा विश्वास है कि मैं यह चुनाव 5 लाख से ज्यादा वोटों से जीतूंगा। आप सभी ने मुझे प्यार दिया है, मैं देश में जो भी काम कर पाया हूं वह आपके प्यार और समर्थन की वजह से हुआ है, इसका श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता को जाता है। मैं नागपुर को कभी नहीं भूला हूं और कभी भूलूंगा भी नहीं। पिछले 10 वर्षों में मैंने नागपुर में 1 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्य किए हैं, मैं आपसे वादा करता हूं कि मैं नागपुर को दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों में ले जाऊंगा।"

नागपुर से जीतते रहे हैं गडकरी

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 2024 के लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र की नागपुर सीट से फिर से चुनाव लड़ेंगे। दो बार के सांसद गडकरी, सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री हैं, वर्तमान में उनका कार्यकाल नौ वर्षों से अधिक है। 2014 के लोकसभा चुनाव में नितिन गडकरी ने नागपुर लोकसभा सीट 285,000 वोटों के अंतर से जीती थी। उन्होंने तत्कालीन कांग्रेस सांसद विलास मुत्तेमवार को हराया था। 2019 में उन्होंने कांग्रेस के नाना पटोले को हराकर अपनी सीट बरकरार रखी थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article