Madhya Pradesh CM Name: मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव होंगे। भाजपा ने एक बार फिर अपने फैसले से सभी को चौंका दिया है। शिवराज सिंह चौहान के हाथों से एमपी की कमान छीनकर एक नए चेहरे पर भाजपा ने दांव खेला है। वो उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं।
मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री बने मोहन यादव
भाजपा विधायक दल की बैठक में फैसला लिया गया कि बतौर मुख्यनंत्री मोहन यादव की ताजपोशी की जाएगी। उन्हें मध्यप्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने का फैसला लिया गया। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित भाजपा के तीन केंद्रीय पर्यवेक्षक नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों की बैठक में हिस्सा लिया। राज्य के अगले मुख्यमंत्री पर फैसला हो चुका है।
सीएम की कुर्सी पर क्या बोले मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैं केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करता हूं कि मेरे जैसे छोटे से कार्यकर्ता को यह जो जवाबदारी दी है। आपके प्यार और सहयोग से मैं अपनी जिम्मेदारियां पूरी करने का प्रयास करूंगा।"दो उपमुख्यमंत्री और नरेंद्र सिंह तोमर स्पीकर
सूत्रों के हवाले से ये दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश में उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के तर्ज पर ही दो उपमुख्यमंत्री बनाए जाएंगे। वहीं बताया ये भी जा रहा है कि नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा स्पीकर बनाया जाएगा। भाजपा ने 17 नवंबर के चुनाव के बाद 230 सदस्यीय विधानसभा में 163 सीटें जीतीं और मध्य प्रदेश में सत्ता बरकरार रखी, जबकि कांग्रेस 66 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही।
छात्र जीवन से की थी राजनीति की शुरुआत
डॉ. मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय से छात्र राजनीति की शुरुआत की थी। पार्टी में कई पदों पर रहने के बाद शिवराज सरकार में उन्हें मंत्री बनने का मौका मिला है। 1982 में वे माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के सह-सचिव और 1984 में माधव विज्ञान महाविद्यालय छात्रसंघ के अध्यक्ष रहे हैं। वर्ष 2004-2010 के बीच वह उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) रहें।
