इलेक्शन

बिहार चुनावों के बीच RJD ने विधायक समेत 10 नेताओं को किया निष्कासित; BJP ने कसा तंज

Bihar Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को अपने 10 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इधर, भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर राजद द्वारा निष्कासित नेताओं की सूची साझा करते हुए टिप्पणी की, “इस रफ्तार से तो पार्टी जल्द ही कार्यकर्ताओं और मतदाताओं दोनों से खाली हो जाएगी।”

Image

राजद नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

Bihar Elections 2025: बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को अपने 10 नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इनमें एक ऐसे विधायक भी शामिल हैं, जो टिकट न मिलने पर पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में उतर गए हैं। राजद के वर्तमान विधायक (डेहरी) फतेह बहादुर सिंह, पार्टी के डेहरी के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय मैदान में हैं।

राजद प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने एक बयान में कहा कि निष्कासित नेताओं में एक मौजूदा विधायक और दो पूर्व विधायक भी शामिल हैं। बयान के अनुसार, डेहरी राजद के वर्तमान विधायक फतेह बहादुर सिंह, पूर्व विधायक मो. गुलाम जिलानी वारसी (कांटी) और मो. रियाजुल हक राजू (गोपालगंज) को पार्टी से बाहर कर दिया गया है। उनके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश कुमार (नालंदा), बिहार शरीफ से मो. सैयद नौसादुल नवी उर्फ पप्पू खां, पूर्णिया के प्रदेश महासचिव अमोद कुमार मंडल, सिंहेश्वर के क्रियाशील सदस्य विरेंद्र कुमार शर्मा, मधेपुरा से ई. प्रणव प्रकाश, भोजपुर से महिला प्रकोष्ठ की महासचिव जिप्सा आनंद और भोजपुर के ही सक्रिय सदस्य राजीव रंजन उर्फ पिंकू को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल पाया गया।

BJP ने RJD पर कसा तंज

निष्कासित नेताओं की सूची में पूर्व विधायक गुलाम जिलानी वारसी एवं रियाजुल हक राजू भी शामिल हैं। यह कदम दो दिन पहले की उस कार्रवाई के बाद उठाया गया है, जिसमें पार्टी ने दो मौजूदा विधायकों और पांच पूर्व विधायकों समेत 27 नेताओं को निष्कासित किया था। इधर, भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर राजद द्वारा निष्कासित नेताओं की सूची साझा करते हुए टिप्पणी की, “इस रफ्तार से तो पार्टी जल्द ही कार्यकर्ताओं और मतदाताओं दोनों से खाली हो जाएगी।”

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article