WhatsApp आज के समय में सबसे बड़ा इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म बन चुका है। हर दिन करोड़ों लोग इसका इस्तेमाल करते हैं। अब यह सिर्फ चैटिंग के लिए ही नहीं बल्कि वॉइस कॉलिंग, फोटो शेयरिंग और डॉक्यूमेंट शेयरिंग के लिए जमकर इस्तेमाल किया जाता है। अगर आप अपने डेली रूटीन लाइफ में इसका इस्तेमाल करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। एक बार फिर से वॉट्सऐप को लेकर एक बड़ी चेतावनी जारी की गई है।
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने WhatsApp और WhatsApp Business में सुरक्षा से जुड़ी कई गंभीर खामियों को लेकर चेतावनी जारी की है। इन कमियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी यूजर्स के फोन और कंप्यूटर को निशाना बना सकते हैं। ऐसे में अगर आप भी WhatsApp का इस्तेमाल करते हैं, तो इस अलर्ट को नजरअंदाज न करें।
WhatsApp की किन खामियों से है खतरा?
CERT-In के मुताबिक, WhatsApp और WhatsApp Business के कुछ पुराने वर्जन में कई तरह की सुरक्षा कमजोरियां पाई गई हैं। इनकी मदद से हैकर्स किसी डिवाइस में खतरनाक कोड चला सकते हैं। इतना ही नहीं, वे डिवाइस में मौजूद निजी और संवेदनशील जानकारी तक पहुंचने की कोशिश भी कर सकते हैं।
इन सुरक्षा खामियों के कारण ऐप के सुरक्षा सिस्टम को चकमा देना और उसके डेटा में बदलाव करना भी संभव हो सकता है। इसके लिए साइबर अपराधी खास तरह के मैसेज, अटैचमेंट या लिंक का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Android से लेकर iPhone और कंप्यूटर तक खतरा
CERT-In की एडवाइजरी CIVN-2026-0576 में बताया गया है कि WhatsApp की ये सुरक्षा कमजोरियां कई प्लेटफॉर्म पर मौजूद हैं। इनमें Android, iOS, Mac और Windows शामिल हैं। एजेंसी के अनुसार, इन खामियों के पीछे अटैचमेंट में गड़बड़ी, SQL इंजेक्शन, डिजिटल सर्टिफिकेट की सही जांच न होना और AI से जुड़े मैसेज की अधूरी जांच जैसी तकनीकी समस्याएं हैं। इसके अलावा कुछ बाहरी URL से जुड़ी कमजोरियां भी सामने आई हैं।
अगर कोई हैकर इन कमियों का फायदा उठाने में सफल हो जाता है, तो वह प्रभावित डिवाइस पर अपनी मर्जी का कोड चला सकता है। इससे यूजर की निजी जानकारी और ऐप के डेटा की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
WhatsApp के इन पुराने वर्जन में मिली खामियां
CERT-In ने उन वर्जन की जानकारी भी दी है, जिनमें सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं पाई गई हैं। अगर आपका ऐप इनमें से किसी पुराने वर्जन पर चल रहा है, तो उसे अपडेट करना जरूरी है।
Android WhatsApp : 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन।- Android WhatsApp Business: 2.26.23.70 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन।
- iPhone WhatsApp: 2.26.24.72 और 2.26.15.72 से पुराने वर्जन।
- iOS WhatsApp Business: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन।
- Mac WhatsApp: 2.26.23.72 से पुराने वर्जन।
Windows WhatsApp : 2.3000.1032164386.258709 से पुराने वर्जन।
ASUS के सॉफ्टवेयर पर भी मंडरा रहा खतरा
CERT-In ने सिर्फ WhatsApp ही नहीं, बल्कि ASUS के कुछ सॉफ्टवेयर में भी गंभीर सुरक्षा खामियों की जानकारी दी है। इनमें ASUS Control Center के कुछ प्रोडक्ट और Armoury Crate शामिल हैं। इन कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी सिक्योरिटी जांच को पार कर सकते हैं। इसके बाद उन्हें कंप्यूटर पर एडमिनिस्ट्रेटर की अनुमति मिल सकती है। ऐसा होने पर सिस्टम और उसमें मौजूद डेटा के लिए खतरा बढ़ सकता है।
WhatsApp यूजर्स खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
CERT-In ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे अपने WhatsApp और WhatsApp Business ऐप को तुरंत लेटेस्ट उपलब्ध वर्जन पर अपडेट करें। इसके अलावा कुछ जरूरी सावधानियां भी बरतनी चाहिए।
- Google Play Store या Apple App Store से ही WhatsApp अपडेट करें।
- किसी अनजान नंबर से आए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें।
- अनजान लोगों की ओर से भेजे गए अटैचमेंट डाउनलोड करने से बचें।
- फोन और कंप्यूटर में ऑपरेटिंग सिस्टम के सिक्योरिटी अपडेट भी इंस्टॉल करें।
- ASUS के प्रभावित सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करते हैं, तो उनके लेटेस्ट सुरक्षा अपडेट भी जरूर इंस्टॉल करें।
