इलेक्शन

मध्य प्रदेश सरकार: मोहन यादव सीएम, राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा डिप्टी CM; नरेंद्र सिंह तोमर विधानसभा स्पीकर

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 11, 2023, 09:53 PM IST

Madhya Pradesh Sarkar : मोहन यादव मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के तर्ज पर भाजपा ने यहां भी दो डिप्टी सीएम रखने का फॉर्मूला बनाया है। राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा एमपी के उपमुख्यमंत्री बनेंगे और नरेंद्र सिंह तोमर एमपी विधानसभा के नए अध्यक्ष होंगे।

Image

कौन बनेगा एमपी का सीएम, डिप्टी सीएम और विधानसभा स्पीकर?

Photo : Times Now Digital

MP Politics News: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का नाम ऐलान करके एक बार फिर हर किसी को सरप्राइज दे दिया। सबसे लंबे वक्त तक एमपी के सीएम रहने वाले शिवराज सिंह चौहान को इस बार कुर्सी से दूर रखा गया है। भाजपा ने सूबे की कमान मोहन यादव के हाथों में सौंपने का फैसला लिया। यादव सरकार में दो डिप्टी सीएम भी होंगे, इनमें राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा एमपी का नाम शामिल है। वहीं मोदी सरकार में कृषि मंत्री रहे नरेंद्र तोमर एमपी विधानसभा के अध्यक्ष होंगे।

मध्य प्रदेश में इन दो नेताओं को बनाया जाएगा डिप्टी सीएम

सोमवार को अपने वरिष्ठ नेता नरेंद्र सिंह तोमर को मध्य प्रदेश विधानसभा का नया अध्यक्ष नामित किया। पार्टी नेता शिवराज सिंह चौहान ने ‘एक्स’ पर यह बात कही। निवर्तमान मुख्यमंत्री चौहान ने ‘एक्स’ पर यह भी पोस्ट किया कि प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्री होंगे- राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा। इससे पहले शाम को यहां हुई विधायक दल की बैठक में भाजपा ने मोहन यादव को अपना नेता चुना, जिससे उनके मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।

उज्जैन से मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता मोहन यादव

मोहन यादव मंदिरों के शहर उज्जैन से मुख्यमंत्री बनने वाले पहले नेता हैं। उनके उत्साही समर्थकों ने कहा कि भगवान महाकाल (भगवान शिव) के आशीर्वाद के कारण यादव को शीर्ष पद मिला। यादव ने 2004-2010 तक उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। यह धार्मिक शहर हर 12 साल में सिंहस्थ (कुंभ) मेले का आयोजन करता है। यादव की पत्नी का नाम सीमा यादव है और उनके दो बेटे और एक बेटी है।

हिंदुत्व का मुखर समर्थक के तौर पर होती है चर्चा

मध्य प्रदेश के मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख ओबीसी नेता हैं जिन्हें हिंदुत्व का मुखर समर्थक माना जाता है। मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने हिंदू महाकाव्य ‘रामचरितमानस’ को 2021 में कॉलेजों में वैकल्पिक विषय बनाने की घोषणा की थी। तीन बार के भाजपा विधायक मोहन यादव ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत तब की जब वह एक छात्र थे। वह शिवराज सिंह चौहान की सरकार में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री बने।

CM की कुर्सी मिलने को लेकर क्या बोले मोहन यादव?

भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद यादव ने कहा कि वह राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करेंगे और एक "छोटे कार्यकर्ता" पर विश्वास जताने के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, 'मैं भाजपा को भारी बहुमत से जिताने वाले राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करूंगा। भाजपा ने एक छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है। मैं पार्टी की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करूंगा। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं। मैं मोदी जी और (निवर्तमान) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई कल्याण और विकास (योजनाओं) पर काम करूंगा।'

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article