इलेक्शन

Loksabha Chunav: पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान, जानें कितनी सीटों पर कांग्रेस लड़ रही चुनाव

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 18, 2024, 06:51 PM IST

Election News: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही घंटों का वक्त बचा है। 7 चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में 102 सीटों पर वोटिंग होगी। इस दौरान कांग्रेस पार्टी 50 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही है। आपको बताते हैं, कांग्रेस किस राज्य की कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

Image

पहले चरण में 50 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ रही कांग्रेस।

Photo : Times Now Digital

Congress in Lok Sabha Election: देश के 21 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों की 102 लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को मतदान होंगे। पहले चरण के चुनाव में कांग्रेस लगभग 50 से ज्यादा सीटों पर लड़ेगी। पहले चरण की इन सीटों पर भारतीय जानता पार्टी के नेतृत्व वाले (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) और विपक्षी इंडिया गठबंधन के साथ-साथ अन्य दलों के नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए जमकर प्रचार किया। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री ने चुनाव प्रचार में ताबड़तोड़ रैलियां और रोड शो किए वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने भी कांग्रेस के साथ साथ INDI अलायंस के उम्मीदवारों के लिए जनसभा कर वोट करने की अपील की।

बीजेपी ने वंशवाद की राजनीति, हिंदू धर्म का अपमान करने को लेकर INDI गठबंधन पर जमकर हमला बोला। जिसके विरोध में विपक्षी नेताओं ने चुनावी बॉण्ड, एजेंसियों के दुरुपयोग, बेरोजगारी, महंगाई का मुद्दा उठाया।

पहले चरण में किस राज्य की कितनी सीटों पर वोटिंग?

राज्यसीट
तमिलनाडु39
राजस्थान12
उत्तर प्रदेश8
मध्य प्रदेश6
महाराष्ट्र5
उत्तराखंड5
असम5
बिहार4
पश्चिम बंगाल3
अरुणाचल प्रदेश2
मणिपुर2
मेघालय2
मिजोरम1
नागालैंड1
सिक्किम1
त्रिपुरा1
अंडमान एंड निकोबार1
छत्तीसगढ़1
जम्मू-कश्मीर1
लक्षद्वीप1
पुडुचेरी1

किन राज्यों में कितनी सीटों पर कांग्रेस लड़ रही है चुनाव?

पहले चरण में यूपी की 8 सीटों पर चुनाव

पहले चरण में उत्तर प्रदेश की सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में चुनाव होने हैं, जिनमें कांग्रेस 2 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

उत्तराखंड की सभी 5 सीटों पर कांग्रेस

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में उत्तराखंड की सभी 5 सीटों गढ़वाल, हरिद्वार, अल्मोड़ा, नैनीताल और टिहरी गढ़वाल पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है।

पहले चरण में मध्य प्रदेश की 6 सीटों पर चुनाव

मध्य प्रदेश में 6 सीटों पर पहले चरण में मतदान होंगे। जिनमें सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट और छिंदवाड़ा सीट शामिल हैं। इन सभी पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं।

पहले चरण में राजस्थान की 12 सीटों पर चुनाव

पहले चरण में राजस्थान की 12 सीटों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चुरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर शहर, जयपुर ग्रामीण, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर पर चुनाव होंगे। जिनमें कांग्रेस 10 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

बिहार की 4 सीटों पर 19 को होंगे मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में बिहार की 4 सीटों औरंगाबाद, नवादा, गया और जमुई पर मतदान होंगे, जिनमें कांग्रेस 1 सीट पर लड़ रही है। वहीं असम की असम 5 सीटों काजीरंगा, सोनितपुर, तखीमपुर, डिब्रूगढ़ और जोरहट पर मतदान होने हैं। कांग्रेस ने यहां से 4 उम्मीदवार उतारे हैं।

महाराष्ट्र की 5 सीटों रामटेक, नागपुर, भंडारा -गोंदिया, गढ़चिरौली -चिमूर और चंद्रपुर पर पहले चरण में चुनाव होने हैं, जिनमें कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की तीन लोकसभा सीट कूचबिहार, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के लिए पहले चरण में चुनाव होंगे। जिनमें कांग्रेस सिर्फ एक सीट पर अपना प्रत्याशी उतारी है। इसके अलावा तमिलनाडु की सभी 39 सीटों पर पहले चरण में वोटिंग होगी। इस राज्य में कांग्रेस 9 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

इसके अलावा कांग्रेस पार्टी अरुणाचल प्रदेश की 2 में से 2, मेघालय में 2, मणिपुर में 2, मिजोरम में 1, नगालैंड में 1, सिक्किम में 1, लक्षद्वीप में 1, अंडमान निकोबर में 1 और पुडुचेरी की 1 सीट पर चुनाव लड़ रही है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article