इलेक्शन

PM Modi के बयान के खिलाफ कांग्रेस ने EC में दर्ज करवाई शिकायत, कहा-एक समुदाय के लिए भद्दा वक्तव्य... Video

  • Compiled by: रवि वैश्य
  • Updated Apr 22, 2024, 10:13 PM IST

Congress complaint against PM Modi statement: लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर कांग्रेस पार्टी ने पीएम मोदी के 'संपत्ति बांट देने वाले' बयान के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।

Image

कांग्रेस ने पीएम मोदी के बयान के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'संपत्ति बांट देने वाले' बयान के खिलाफ सोमवार को कांग्रेस ने चुनाव आयोग के सामने अपनी शिकायत दर्ज कराई है। इसकी जानकारी कांग्रेस ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी है। इसके साथ ही एक्स पर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी का वीडियो भी शेयर किया गया है, जिसमें वह चुनाव आयोग से शिकायत के बाद मीडिया से बात कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता सिंघवी ने बताया कि हम चुनाव आयोग का धन्यवाद करते हैं, उन्होंने कम समय में हमारी शिकायत को सुना। आशा है कि वह इस पर ठोस कदम उठाएंगे। हमने चुनाव आयोग में 17 शिकायतें दर्ज की हैं। लेकिन तीन से चार के बारे में बताऊंगा। मैं पीएम मोदी का आदर करता हूं क्योंकि वो मुखर और प्रखर वक्ता हैं। पीएम मोदी ने राजस्थान में चुनाव प्रचार के दौरान भद्दा बयान दिया। इसमें एक समुदाय, एक धर्म का स्पष्ट नाम के साथ विवरण है। बयान में समुदाय या धर्म को घुसपैठियों के साथ बराबर में जोड़ा गया है।

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने आगे कहा, ''पीएम मोदी ने अपने बयान में मंगल सूत्र का भी जिक्र किया। उन्होंने भारत के संविधान की अस्मिता पर आघात किया है। भारतीय संविधान एक गौरवशाली संविधान है। संविधान कहता है कि धर्मनिरपेक्षता, पंथनिरपेक्षता का हमारे संविधान के मूल ढांचे का अभिन्न अंग है। अब चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि इस पर कार्रवाई करे, इसमें देश की विश्वसनीयता से जुड़ा हुआ सवाल है, हमारे संविधान की विश्वसनीयता का सवाल है, हमारे प्रधानमंत्री पद की और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता का सवाल है।''

कांग्रेस ने एक्स हैंडल पर लिखा कि हमने चुनाव आयोग में 17 शिकायतें दर्ज की हैं, जिसमें 5 मुख्य हैं :-

1. देश के प्रधानमंत्री ने राजस्थान में जिस तरह एक समुदाय के लिए भद्दा वक्तव्य दिया, वह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। चुनाव आयोग को इस पर सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। इस बयान से देश के संविधान, प्रधानमंत्री पद, चुनाव आयोग की विश्वसनीयता पर सवाल खड़ा हो गया है।

2. बीजेपी सरकार ने गुजरात समेत कई जगहों पर सत्तारूढ़ पार्टी की तस्वीरें लगाई हैं, जो सिर्फ धर्म की बात करती है।

3. सूरत में चुनाव के एक दिन पहले कांग्रेस के एक साथ 4 प्रस्तावक बोलते हैं कि वह हस्ताक्षर मेरे नहीं हैं, उसके बाद वह लापता हो जाते हैं। सबसे बड़ी बात- जितने भी बीजेपी के विपक्ष के नेता हैं, सब नामांकन वापस ले लेते हैं। ऐसे में सूरत के चुनाव को स्थगित करना चाहिए।

4. राहुल गांधी कर्नाटक के उस क्षेत्र में कैंपेन करेंगे, जिसमें चुनाव नहीं हुआ है। ऐसे में हमने आयोग से अनुमति मांगी है।

बता दें कि पीएम मोदी ने राजस्थान के बांसवाड़ा में चुनावी रैली में पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के बयान का जिक्र करते हुए कहा था कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में आती है, तो वह लोगों की संपत्ति लेकर मुसलमानों को बांट देगी।

रवि वैश्य
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article