इलेक्शन

Lok Sabha Chunav: 'तीसरे चरण में यूपी की सभी 10 सीटें जीतेगा INDIA', अखिलेश के चाचा का दावा

Uttar Pradesh Lok Sabha Election 2024: शिवपाल यादव ने दावा किया है कि मुलायम सिंह यादव के परिवार से भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीट पर सपा और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के उम्मीदवारों की जीत होगी।

Image

शिवपाल यादव ने भाजपा पर कसा तंज।

Photo : Times Now Digital

Election News: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को दावा किया कि परिवारवाद को लेकर सपा पर अक्सर हमला करने वाली सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दरअसल मुलायम सिंह यादव के परिवार से घबराई है और उसके नेता इस खानदान के खिलाफ जितना बोलेंगे, लोकसभा चुनाव में सपा की जीत का अंतर उतना ही बढ़ता जाएगा।

'मुलायम परिवार से ही तो घबराई हुई है भाजपा'

शिवपाल यादव ने दावा किया कि तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश की सभी 10 सीट पर सपा और ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के उम्मीदवारों की जीत होगी। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह के इस आरोप पर कि सपा के पास जो कुछ भी है वह पार्टी के लिये नहीं बल्कि सिर्फ एक परिवार के लिये ही है, शिवपाल यादव ने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी के लोग नेताजी (सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव) के परिवार से ही तो घबराए हुए हैं। वे नेता जी और हमारे परिवार के खिलाफ जितना ज्यादा बोलेंगे उतना ही सपा प्रत्याशियों की जीत का अंतर बढ़ेगा।'

'घर से नहीं निकल रहा भाजपा का वोट बैंक'

लोकसभा चुनाव में पिछली बार के मुकाबले कम मतदान प्रतिशत दर्ज होने के बारे में शिवपाल यादव ने कहा, 'हमारा मतदाता तो मजदूर और किसान है। उसको धूप और गर्मी से फर्क नहीं पड़ता। हमारा मतदाता तो वोट डाल रहा है। भाजपा का वोट बैंक घर से नहीं निकल रहा है, इसीलिए भाजपा में बहुत घबराहट है।'

बेटे को टिकट दिलवाने पर क्या बोले शिवपाल?

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल में कहा था कि शिवपाल यादव की उम्र हो चुकी है, इसी वजह से उन्होंने बदायूं लोकसभा सीट से अपना नाम वापस लेकर अपने बेटे आदित्य को टिकट दिलवा दिया। इस बारे में पूछे गये सवाल पर यादव ने कहा, 'मेरी जितनी भी उम्र है, मैं एक दिन में 40-40 सभाएं कर रहा हूं। योगी जी इस उम्र में भी दिन में मात्र चार सभाएं करके वापस चले जाते हैं।'

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में प्रदेश की 10 लोकसभा सीट पर आगामी सात मई को मतदान होना है। इस चरण में मैनपुरी, फिरोजाबाद, संभल और बदायूं सीट शामिल हैं। इस चरण में जिन सीट पर मतदान होना है, उनमें ज्यादातर समाजवादी पार्टी का गढ़ मानी जाती हैं।

Times Now Navbharat Digital
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article