इलेक्शन

इन राज्यों में BJP को लगे झटके पे झटके, हुआ बड़ा उलटफेर, सपना ही रह गया 2019 का करिश्मा दोहराना

भाजपा को कई हिंदी भाषी राज्यों में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ दक्षिण के राज्य कर्नाटक में जहां भाजपा मजबूत स्थिति में थी, वहां भी उसे नुकसान होता नजर आ रहा है।

Image

बीजेपी को लगे झटके पर झटके

Lok Sabha Election Results 2024: लोकसभा चुनाव के परिणाम अब रुझानों के जरिए स्पष्ट होने लगे हैं। भाजपा नीत एनडीए गठबंधन ने इस चुनाव में जितनी बड़ी जीत के बारे में सोचा था, वह होता नजर नहीं आ रहा है। भाजपा 2019 के अपने चुनाव परिणाम को दोहराने में भी नाकाम नजर आ रही है। एनडीए गठबंधन की अभी तक 290 के करीब सीट पर बढ़त दिख रही है। भाजपा भी बहुमत से दूर है। हालांकि, इस बार भाजपा ने दक्षिण के राज्यों में थोड़ी बहुत सेंध लगाई है। उधर, उत्तर और उत्तर पूर्व के राज्यों में भाजपा और एनडीए गठबंधन के अन्य दलों पर जनता ने उतना विश्वास नहीं दिखाया, जितना 2019 के चुनाव में दिखाया था।

भाजपा को कई हिंदी भाषी राज्यों में मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ दक्षिण के राज्य कर्नाटक में जहां भाजपा मजबूत स्थिति में थी, वहां भी उसे नुकसान होता नजर आ रहा है। जिन राज्यों में भाजपा नीत एनडीए को नुकसान हो रहा है, उसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, महाराष्ट्र, प. बंगाल जैसे राज्य शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश

सबसे ज्यादा झटका भाजपा को यूपी में लगता हुआ नजर आ रहा है। यहां की 80 सीटों में भाजपा ने 2014 में 71 और 2019 में 62 सीटें जीती थी। लेकिन, इस बार भाजपा यहां 33 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि, भाजपा ने यहां 75 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

बिहार

इसके बाद बिहार में भाजपा 17 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और वह 9 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि, जेडीयू ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था, वह 13 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अलावा चिराग पासवान की पार्टी अपनी पांचों सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में भी भाजपा की सीटें फंस गई हैं। यहां एनडीए 21 सीटों और महाविकास अघाड़ी 25 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

प. बंगाल

भाजपा को पश्चिम बंगाल में भी बड़ा झटका लगता नजर आ रहा है। यहां की 42 सीटों में भाजपा ने 2019 में 18 सीटें जीती थी। इस बार वह 10 सीटों पर आगे चल रही है।

राजस्थान

राजस्थान की 25 सीटों पर भी भाजपा को झटका मिलता नजर आ रहा है। यहां 2019 में 25 की 25 सीटों पर एनडीए ने जीत हासिल की थी। लेकिन, इस बार रुझानों में भाजपा 14 सीटों पर आगे चल रही है।

हरियाणा

हरियाणा में भी भाजपा को परेशानी झेलनी पड़ रही है। यहां 10 लोकसभा सीटों में भाजपा 5 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि, 2019 में यहां 10 की 10 सीटें भाजपा ने जीती थी।

कर्नाटक

कर्नाटक की बात करें तो यहां की 28 लोकसभा सीटों में से भाजपा ने अपने दम पर 2019 में 25 सीटों पर जीत दर्ज की थी लेकिन अभी यहां भाजपा 16 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि, उसकी गठबंधन पार्टनर जेडीएस 2 सीटों पर आगे चल रही है।

पंजाब

पंजाब में भी भाजपा को नुकसान हुआ है, यहां वह एक सीट पर आगे चल रही है।

असम

इसके साथ ही असम की कुल 14 सीटों में से भाजपा 9 सीटों पर आगे चल रही है। हालांकि, यहां भाजपा को इससे बेहतर की उम्मीद थी क्योंकि 2019 में भी यहां भाजपा ने 9 सीटों पर ही जीत दर्ज की थी। (IANS Input)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article