इलेक्शन

लोकसभा चुनाव नतीजे: UP में ये क्या हुआ BJP का हाल, रुझानों में जबरदस्त नुकसान, सब हैरान

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान के रुझानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सहित कुछ हिंदी भाषी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को हैरतअंगेज रूप से भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

Image

यूपी चुनाव नतीजे 2024

Uttar Pradesh Election Results 2024: आज लोकसभा चुनाव 2024 नतीजों का दिन है और अब तक के रुझान बेहद चौंकाऊ हैं। जहां तमाम एग्जिट पोल भारतीय जनता पार्टी की एकतरफा जीत बता रहे थे, लेकिन रुझान और नतीजों ने सारा अनुमान पलटकर रख दिया। भाजपा को कई राज्यों में बड़े झटके लगे हैं। सबसे बड़ा झटका तो उत्तर प्रदेश में लगा है जिसकी उम्मीद खुद विपक्ष को भी नहीं रही होगी। यहां सपा-कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा को ऐसा झटका दिया जो हर किसी के लिए हैरत भरा रहा। अब तक के रुझानों में सपा सबसे अधिक सीटें जीतती दिख रही है।

बीजेपी को भारी नुकसान

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान के रुझानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सहित कुछ हिंदी भाषी राज्यों में भारतीय जनता पार्टी को हैरतअंगेज रूप से भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने इन राज्यों में अपना प्रभुत्व साबित किया था। यूपी सहित इन राज्यों में भारी जीत की बदौलत ही वह केंद्र में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल रही थी।

सपा-बीजेपी में कांटे की टक्कर

राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। कुल 543 सदस्यीय लोकसभा में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक 80 सांसदों को भेजता है। सुबह 11.05 बजे तक निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से पता चला कि भाजपा 35 सीटों पर और सपा 34 सीटों पर आगे हैं। विपक्षी इंडिया गठबंधन राज्य की 42 सीटों पर आगे है। भाजपा ने 2019 में राज्य में 62 सीटें जीती थीं और उसने सपा को महज पांच सीटों पर समेट दिया था। लेकिन इस बार मामला उलटा पड़ता दिख रहा है।

अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर

रुझानों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश को भाजपा के लिए अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। यह राज्य 2014 के बाद से भाजपा के गढ़ में तब्दील होता गया था। हालांकि, आंकड़े शुरुआती रुझानों पर आधारित हैं। वोटों की गिनती जैसे-जैस आगे बढ़ेगी, इसमें बदलाव संभव है। लेकिन खबर लिखे जाने तक (12.44 बजे) भाजपा 34 और सपा-कांग्रेस 45 सीटों पर आगे थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article