Lok Sabha Election 2024: कांग्रेस ने बुधवार को उत्तरी महाराष्ट्र की धुले लोकसभा सीट से शोभा बच्छाव और मध्य मराठवाड़ा क्षेत्र की जालना सीट से कल्याण काले को मैदान में उतारने की घोषणा की। इसी के साथ कांग्रेस ने सीट बंटवारे के तहत महाराष्ट्र की मिली 17 सीट में से 15 सीट पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। राज्य में कांग्रेस शिवसेना (UBT) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बच्छाव राज्य की पूर्व मंत्री हैं जबकि काले राज्य कांग्रेस इकाई के वरिष्ठ नेता हैं। पार्टी ने सीट बंटवारे के तहत मिली मुंबई महानगर की दो सीट पर अबतक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है।
बलिया लोकसभा सीट पर भाजपा का बड़ा दांव
बता दें, इस बीच भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की नई सूची जारी की, जिसमें यूपी की सात सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया। भाजपा ने पूर्वांचल की बलिया लोकसभा सीट से पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के छोटे बेटे नीरज शेखर को उम्मीदवार बनाया है। नीरज शेखर मौजूदा समय में भाजपा के राज्यसभा सांसद हैं। उनकी पत्नी सुषमा शेखर डॉक्टर हैं। 2007 में चंद्रशेखर के निधन के बाद खाली हुए बलिया लोकसभा सीट से नीरज शेखर सपा से सांसद चुने गए। समाजवादी पार्टी के टिकट पर लड़कर वह पहली बार सांसद बने। उसके बाद 2009 के लोकसभा चुनाव में नीरज शेखर सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर दूसरी बार सांसद बने।
2014 के लोकसभा चुनाव के मोदी लहर में नीरज शेखर समाजवादी पार्टी से चुनाव लड़े, लेकिन इस बार उन्हें बीजेपी के प्रत्याशी भरत सिंह से करारी हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद सपा ने उन्हें राज्यसभा का सांसद बनाया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने नीरज शेखर को प्रत्याशी नहीं बनाया, जिससे नाराज होकर उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा देकर बीजेपी ज्वाइन कर ली थी। उसके बाद वो बीजेपी से दो बार राज्यसभा सांसद चुने गए और मौजूदा समय में बीजेपी से राज्यसभा सांसद हैं।
