Lok Sabha Election: लोकसभा चुनाव 2024 के लिए चौथे चरण का मतदान चल रहा है। इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत कई दिग्गज नेताओं ने मतदान की अपील की है। लोकसभा की कुल 96 सीट के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। आपको बताते हैं कि वोटिंग के लिए किसने क्या अपील की।
'आइए हम सब अपना कर्तव्य निभाएं'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लोगों से देश में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की और कहा कि भारत के लोकतंत्र को मजबूत करना हर किसी का कर्तव्य है। देश में सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत मतदान के साथ-साथ आंध्र प्रदेश और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी हो रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 96 सीट पर मतदान हो रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, 'मुझे विश्वास है कि इन सभी सीट पर लोग भारी संख्या में मतदान करेंगे, जिनमें युवा और महिला मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। आइए, अपने कर्तव्य को निभाएं और लोकतंत्र को मजबूत करें।'
मोदी ने एक अन्य पोस्ट में कहा, 'आंध्र प्रदेश के लोगों, विशेषकर पहली बार मतदान करने जा रहे मतदाताओं से विधानसभा चुनाव में बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करता हूं। ये चुनाव हमारी लोकतांत्रिक भावना को और मजबूत करेंगे।' उन्होंने ओडिशा के मतदाताओं से कहा, 'आपका वोट आपकी आवाज है, इसे जोर से और स्पष्ट रूप से सुना जाना चाहिए।'
मल्लिकार्जुन खड़गे ने किया ये आग्रह
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के चौथे चरण का मतदान शुरू होने के बाद लोगों का आह्वान किया कि वे संविधान, लोकतंत्र और न्याय के लिए बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें। खड़गे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'मेरे प्यारे नागरिकों, लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में, आपने लोकतंत्र के लिए मतदान करके और संविधान को निरंकुश ताकतों से बचाने का प्रयास करके अपनी ताकत दिखाई है। आज 10 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर वोट डाले जा रहे हैं। आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव और ओडिशा विधानसभा चुनाव का पहला चरण भी चल रहा होगा।'
उन्होंने कहा कि यह माहौल को पूरी तरह न्याय के पक्ष में मोड़ने और भारत को जिताने का एक महत्वपूर्ण चरण है। खड़गे ने लोगों का आह्वान किया, 'समाज को बांटने वाले नफरत भरे भाषणों की ध्यान भटकाने वाली रणनीति से डरें नहीं।' कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, 'मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप लोकतंत्र की रक्षा और हमारे अस्तित्व के आधार - भारत के संविधान - की रक्षा के हमारे सामूहिक उद्देश्य पर पूरी तरह से ध्यान केंद्रित करें।'
उन्होंने कांग्रेस के पांच 'न्याय' का उल्लेख करते हुए कहा, 'हमारे प्यारे भारत में स्वतंत्रता, न्याय, समानता, स्वतंत्रता और भाईचारे की भावना को फिर से जगाने की हमारी लड़ाई में ये सर्वोपरि हैं। मैं पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं का हार्दिक स्वागत करता हूं जो बदलाव के मुख्य स्रोत हैं।' खड़गे ने कहा, 'मतदान अवश्य करें और अपने परिवार, दोस्तों और पड़ोसियों को बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करें।'
लोकतंत्र के लिए वोट करने की अपील
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, 'आज चौथे चरण का मतदान है। पहले तीन चरणों में ही यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि 4 जून को 'इंडिया' की सरकार बनने जा रही है। याद रखिए, आपके एक वोट से सिर्फ आपके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा ही नहीं होगी, बल्कि पूरे परिवार की तकदीर बदल जाएगी।'
उन्होंने कहा, 'एक वोट = युवाओं के लिए एक लाख रुपये साल की पहली नौकरी पक्की। एक वोट = गरीब महिलाओं के बैंक खाते में एक लाख रुपये साल। इसलिए बड़ी संख्या में बाहर निकलकर वोट डालिए और बता दीजिए कि देश अब अपने मुद्दों पर वोट करेगा - भटकेगा नहीं।'
(Input: एजेंसी)
