इलेक्शन

BJP Gujarat Manifesto: 20 लाख नौकरियां, मजदूरों को लोन और यूनिफॉर्म सिविल कोड...- भाजपा का गुजरात में वादा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Nov 26, 2022, 08:19 PM IST

BJP Gujarat Manifesto: भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भाजपा का घोषणापत्र जारी कर दिया है। जिसमें लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा देने का वादा किया गया है। इसमें यह भी आश्वासन दिया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत चिकित्सा बीमा कवरेज की राशि को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया जाएगा।

BJP Gujarat Manifesto: गुजरात चुनाव के लिए भाजपा ने शनिवार को अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। इस घोषणापत्र में बीजेपी ने 20 लाख नौकरियों का वादा किया है। साथ ही यूनिफॉर्म सिविल कोड कानून भी लाने का वादा भाजपा ने किया है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सीएम भूपेंद्र पटेल और राज्य भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल की उपस्थिति में गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। अगले पांच वर्षों में युवाओं को 20 लाख रोजगार से लेकर, सभी छात्राओं के लिए मुफ्त शिक्षा और एक एंटी-रेडिकलाइजेशन सेल के गठन सहित पार्टी ने कई वादे किए हैं। नड्डा ने इस मौके पर कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र है, भाजपा जो कहती है, वो करती है।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- "हम संभावित खतरों, आतंकवादी संगठनों और भारत विरोधी ताकतों के स्लीपर सेल की पहचान करने और उन्हें खत्म करने के लिए एक एंटी-रेडिकलाइजेशन सेल बनाएंगे। हम गुजरात समान नागरिक संहिता समिति की सिफारिशों का पूर्ण कार्यान्वयन सुनिश्चित करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा- "सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के संबंध में भी हम एक कानून बनाएंगे। कानून सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले और निजी संपत्ति पर हमला करने वाले असामाजिक तत्वों से वसूली के संबंध में होगा।"

भाजपा के महत्वपूर्ण वादे

  • गुजरात के युवाओं के लिए 20 लाख रोजगार के अवसर
  • लड़कियों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा
  • महिला वरिष्ठ नागरिकों को राज्य भर में मुफ्त बस यात्रा
  • अगले पांच साल में महिलाओं के लिए 1 लाख सरकारी नौकरी
  • गुजरात को एक रक्षा और विमानन निर्माण केंद्र बनाना
  • गुजरात यूसीसी समिति द्वारा अनुशंसित समान नागरिक संहिता का पूर्ण कार्यान्वयन
  • मौजूदा सिंचाई नेटवर्क के विस्तार के लिए 25,000 करोड़ रुपये का निवेश
  • सभी 56 जनजातीय उप योजना तालुकों में राशन की मोबाइल डिलीवरी
  • आदिवासियों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का व्यय
  • ईडब्ल्यूएस परिवारों के लिए प्रति परिवार 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त जांच सेवाएं
  • आधुनिक एपीएमसी, मंडियों, कोल्ड चेन, गोदामों आदि सहित कृषि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 10,000 करोड़ रुपये का निवेश
  • गुजरात को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना और 5 लाख करोड़ रुपये का विदेशी निवेश आकर्षित करना
  • सी फूड पार्क की मदद से भारत का पहला ब्लू इकोनॉमी इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाना और फिशिंग इंफ्रा को बढ़ावा देना
शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article