इलेक्शन

'जीना है तो मरना सीखो', पिता को याद करते हुए चिराग का पोस्ट, क्या बिहार में सीट शेयरिंग से है कनेक्शन

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि चिराग के तेवर की वजह से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का सीट बंटवारा अटक गया है। क्योंकि चिराग अपनी पार्टी के लिए 40 से ज्यादा सीटें मांग रहे हैं जिसकी वजह से सीट शेयरिंग को अंतिम रूप नहीं मिल पा रहा है।

Image

बिहार में इस बार दो चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Chirag Paswan: बिहार चुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है लेकिन अभी तक एनडीए और इंडिया ब्लॉक ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। बताया जा रहा है कि दोनों खेमों में सीट बंटवारे को लेकर पेच फंसा हुआ है। गठबंधन में शामिल छोटे दल ज्यादा सीटों की मांग कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि एनडीए में शामिल चिराग पासवान भी ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहते हैं जिसकी वजह से सीट बंटवारा अटका पड़ा है। इस बीच, अपने पिता राम विलास पासवान की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें याद करते हुए चिराग ने बुधवार को X पर अपना एक पोस्ट किया। इस पोस्ट को सीट बंटवारे से जोड़कर देखा जा रहा है।

'कदम-कदम पर लड़ना सीखो'

अपने इस पोस्ट में चिराग ने कहा है कि 'पापा हमेशा कहा करते थे, जुर्म करो मत, जुर्म सहो मत। जीना है तो मरना सीखो, कदम-कदम पर लड़ना सीखो।'

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राम विलास पासवान की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पीएम ने अपने पोस्ट में कहा कि 'सामाजिक न्याय के प्रतीक और जनसेवा के प्रति समर्पित बिहार के लोकप्रिय नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित और शोषित समुदायों के कल्याण के लिए कार्य किया। राजनीति के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण के लिए उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।'

चुनाव में अधिक सीटें चाहते हैं चिराग

रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि चिराग के तेवर की वजह से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का सीट बंटवारा अटक गया है। क्योंकि चिराग अपनी पार्टी के लिए 40 से ज्यादा सीटें मांग रहे हैं जिसकी वजह से सीट शेयरिंग को अंतिम रूप नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा उनकी जनसुराज पार्टी के मुखिया प्रशांत किशोर से उनकी नजदीकी होने की बात सामने आई है। ये चीजें भाजपा को परेशान कर रही हैं। एनडीए की बैठक के लिए उपेंद्र कुशवाहा मंगलवार को पटना से दिल्ली आए।

इस बार दो चरणों में होगा मतदान

बिहार में मुख्य मुकाबला एनडीए और इंडिया ब्लॉक के बीच है। राज्य में विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरणों में 7 और 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 121 सीटों और दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान होगा। जबकि चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे। हर बार की तरह इस बार भी बड़े-बड़े दिग्गज चुनाव लड़ते नजर आएंगे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article