इलेक्शन

Himachal MLA: हिमाचल के 11 विधायक उत्तराखंड में, केंद्रीय मंत्री ने कहा-जल्द गिरेगी सुक्खू सरकार

  • Agency by: Agency
  • Updated Mar 10, 2024, 12:04 AM IST

Himachal MLA: कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, देविंदर कुमार भुट्टू, रवींद्र ठाकुर और चैतन्य शर्मा को राज्य के बजट पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है।

Image

सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार पर मंडरा रहा खतरा

Photo : PTI

Himachal MLA: हिमाचल प्रदेश के छह विधायक जिन्होंने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ मतदान किया था, तीन निर्दलीय विधायकों के साथ उत्तराखंड पहुंचे और उन्हें यहां एक होटल में ठहराया गया है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ जारी बवागत के बीच यह घटनाक्रम सामने आया है।

ऋषिकेश में कहां पहुंचे कांग्रेस के बागी विधायक

बागी विधायकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हिमाचल प्रदेश इकाई के दो विधायक विक्रम ठाकुर और त्रिलोक जमवाल भी मौजूद हैं। ये सभी विधायक शुक्रवार देर रात एक चार्टर्ड उड़ान से हरियाणा के पंचकुला से ऋषिकेश पहुंचे और होटल ताज में ठहरे। कांग्रेस के बागी विधायकों के साथ-साथ तीन निर्दलीय विधायक होशियार सिंह, केएल ठाकुर और आशीष शर्मा भी हैं। होटल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और वहां पहले से निर्धारित बुकिंग कराने वाले व्यक्तियों के अलावा अन्य को प्रवेश की इजाजत नहीं दी जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट में मामला

कांग्रेस विधायक सुधीर शर्मा, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, देविंदर कुमार भुट्टू, रवींद्र ठाकुर और चैतन्य शर्मा को राज्य के बजट पर पार्टी व्हिप का उल्लंघन करने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया है। बागी विधायकों ने मामले में राहत के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

सरकार बचाने में जुटी कांग्रेस

कांग्रेस हिमाचल में स्थिति को संभालने में जुटी है और राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ बातचीत की जा रही है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 34 और भाजपा के 25 विधायक हैं। तीन निर्दलीय विधायकों ने भी राज्यसभा चुनाव में भाजपा का साथ दिया था।

'गिर जाएगी कांग्रेस सरकार'

इस बीच, केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने हरिद्वार में संवाददाताओं से कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार जल्द ही गिर जाएगी। वर्मा ने कहा, '' हिमाचल प्रदेश में सुक्खू सरकार आंतरिक कलह से जूझ रही है। इस अंतर्कलह के कारण यह ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।''

End of Article